पांवटा साहिब : भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक के द्वितीय दिवस पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रथम सत्र लिया। बैठक को संबोधित करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। विश्व मे भारत को अब सम्मान की दृष्टि से देखा जाने लगा है।
पांवटा साहिब पंहुचने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल सहित पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी व अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने राजनीति में देश को नया दृष्टिकोण दिया है और आगे भी हमें मजबूत होकर बढ़ना है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में मंडल स्तर तक के कार्यकर्ताओं को बुलाकर सरकार से सीधा संवाद हो रहा है जो कि अद्भुत है।
उन्होंने प्रदेश कार्यसमिति के इस सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश राज्यों में यह मिथक बन चुका है कि सरकार रिपीट नहीं करती लेकिन इस बार इसे तोड़ कर दिखाया जाएगा।