मंडी: प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 95 लोगों ने अपने आशियाने बना लिए हैं, जबकि 181 अन्य मकानों को बनाने का कार्य जारी है। यह जानकारी नगर परिषद की अध्यक्षा सुमन ठाकुर ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए दी। सुमन ठाकुर ने बतौर अध्यक्षा अपने दो वर्षों के कार्यकाल को मीडिया के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि शहर में पीएम आवास योजना के तहत 276 मामले स्वीकृत हुए हैं।
अभी तक इस योजना के तहत 1 करोड़ 57 लाख 95 हजार की राशि खर्च की जा चुकी है। 110 बेघर लोगों के लिए शहर के साथ लगते छिपणू में घर बनाकर देने का निर्णय लिया गया है। शहर में 3 लाख 73 हजार की राशि खर्च करके 104 व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण किया जा चुका है।
सुमन ठाकुर ने बताया कि राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत शहर में 130 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया जा चुका है। स्वयं सहायता समूहों को 12 लाख की राशि आवर्ती कोष के रूप में प्रदान की गई है। यही नहीं 39 स्वयं सहायता समूहों को 95 लाख से अधिक की राशि का बैंक से क्रेडिट लिंकेज भी करवाया गया है।
सुमन ठाकुर ने बताया कि शहर को नगर निगम का दर्जा दिलाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। शहर को एक आदर्श बनाने की दिशा में नगर परिषद कार्य कर रही है। इस मौके पर उनके साथ नगर परिषद मंडी के अन्य पार्षद और अधिकारी भी मौजूद रहे।