बिलासपुर : जिला स्तरीय 71वें गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में रविवार को अचानक ही अफरा-तफरी पैदा हो गई। तिरंगे के रंग में रंगे पैराग्लाइडर को लेकर पायलट आयोजन स्थल के मैदान में लैंडिंग कर रहा था। इसी दौरान कुछ पल पहले संतुलन बिगड़ने से मैदान में जा गिरा। हालांकि पायलट को हाथ में मामूली चोटें आने की खबर है। तुरंत ही पायलट को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।
इस लिंक पर देखे वीडियो https://youtu.be/YeAFl9x2iK0
हादसा उस वक्त हुआ जब तेज तर्रार कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक पायलट विशाल बिलासपुर जनपद का ही रहने वाला है। हालांकि संतुलन बिगड़ने से पहले पायलट जब तिरंगे से रंगे पैराग्लाइडर को लेकर हवा में नजर आ रहा था तो उस समय का नजारा ही अलग था। बहरहाल हादसा टल गया है। हादसे के बाद प्रशासन यह दलील दे रहा है कि पैराग्लाइडर को कोई भी अनुमति नहीं दी गई थी।
उधर पायलट का कहना था कि पैराग्लाइडिंग के दौरान पुष्प वर्षा की जा रही थी, लेकिन हवा की दिशा बदल जाने के कारण उन्हें एमर्जेन्सी लैंडिंग करनी पड़ी। रोचक बात यह है कि हादसा होने के बाद प्रशासन अनुमति की दलील देकर पल्ला झाड़ने लगा है।