शिमला, 29 जून : हिमाचल प्रदेश के देहरा विधानसभा क्षेत्र में हो रहे उपचुनाव पर सबकी नजरें टिकी हैं, क्योंकि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर कांग्रेस की कैंडिडेट हैं। यह चुनाव खास इस वजह से भी है, क्योंकि अगर कमलेश ठाकुर जीतती हैं, तो शायद यह पहली बार होगा जब मुख्यमंत्री की पत्नी भी विधानसभा की सदस्य होंगी। राज्य की 14वी विधानसभा में एक रिकॉर्ड भी दर्ज हो जाएगा। हो सकता है,आने वाले समय में यह सामान्य ज्ञान का सवाल भी बन जाए कि हिमाचल के ऐसे कौन से मुख्यमंत्री है, जिनकी पत्नी भी उनके कार्यकाल में विधायक रही।
हिमाचल की ताजा खबरों के लिए ज्वाइन करें हमारा WhatsApp चैनल
इस सीट पर वर्तमान में होशियार सिंह का दबदबा है, जिन्होंने 2022 और 2017 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में यह सीट जीती थी। 2022 के चुनाव में होशियार सिंह ने 22,997 वोटों के साथ जीत दर्ज की थी, ये 3,877 वोटों की बढ़त के साथ 37.96% वोट शेयर था। कांग्रेस के डॉ. राजेश शर्मा 19,120 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे, जोकि 31.56% वोट शेयर था। बीजेपी के रमेश चंद 16,730 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर थे, जिनका वोट शेयर 27.62% था
![](http://mbmnewsnetwork.com/wp-content/uploads/2024/06/BY-ELECTION-3.jpg)
इस बार, होशियार सिंह बीजेपी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं, जिससे मुकाबला और भी कड़ा हो गया है। दिलचस्प बात यह है कि 2012 में भी इस सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार योग राज ने जीत दर्ज की थी, जिससे यह सीट निर्दलीय उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है। कमलेश ठाकुर के जीतने की सूरत में हिमाचल विधानसभा में महिला विधायकों की संख्या बढ़कर तीन हो जाएगी, पहले मौजूदा विधानसभा में एक महिला विधायक रीना कश्यप थी इसके बाद उपचुनाव में लाहौल स्पीति सीट पर अनुराधा राणा की जीत के बाद आंकड़ा 2 हो गया था।
कांग्रेस के लिए यह चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि दशकों से पार्टी इस सीट पर जीत हासिल नहीं कर पाई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनकी पत्नी कमलेश ठाकुर चुनाव प्रचार में दिन रात जुटे हुए है। यह देखना बाकी है कि क्या कमलेश ठाकुर अपने पति के पद का लाभ उठाकर और कांग्रेस के कमजोर प्रदर्शन को सुधारते हुए यह सीट जीत सकती हैं।
इस चुनाव के परिणाम हिमाचल प्रदेश की राजनीतिक समीकरणों को भी बदल सकते हैं, खासकर जब मुख्यमंत्री की पत्नी खुद उम्मीदवार हैं। पत्नी को टिकट मिलने के बाद मुख्यमंत्री पहले ही विपक्ष के निशाने पर हैं, पत्नी के हारने की सूरत में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।