नाहन: पच्छाद उपचुनाव में भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को भी उतारने का फैसला लिया है। दरअसल दयाल प्यारी की बगावत के बाद से बीजेपी एड़ी चोटी का जोर लगा रही है। हालांकि राजनीतिक खबरों की अधिकारिक पुष्टि करने को कोई तैयार नहीं होता है। लेकिन अटकलों की मानें तो पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को मैदान में उतारने के पीछे एक खास वजह है। दरअसल आजाद उम्मीदवार के तौर पर दयाल प्यारी को धूमल समर्थक माना जाता है।
बीजेपी को इस बात की आशंका सता रही थी कि इससे चुनाव में पार्टी को नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। यही कारण है कि मंडल ने चुनाव प्रचार में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को बुलाने का आग्रह किया था। हालांकि प्रचार में खुद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भी उतरना है। लेकिन धूमल को चुनाव प्रचार में उतारकर पार्टी साबित करना चाहती है कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भी दयाल प्यारी की बगावत से खुश नहीं है।
पूर्व सीएम को 12 व 13 तारीख को सराहां व राजगढ़ क्षेत्र में 4 जनसभाओं को संबोधित करना है। देखना यह है कि धूमल के चुनाव प्रचार में उतरने के बाद रीना कश्यप को किस तरीके से मजबूती मिलती है। सिरमौर भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता के मुताबिक जल्द ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 4 जनसभाएं करेंगे। जिसके लिए अंतिम कार्यक्रम तय नहीं हुआ है।
पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेमकुमार धूमल 12 व 13 अक्टूबर को पच्छाद क्षेत्र के राजगढ़ व सराहां क्षेत्र में 4 जनसभाएं करेंगे। कांग्रेस के दिग्गज नेता व प्रत्याशी गंगूराम मुसाफिर पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि पच्छाद की जनता ने उन्हें लम्बे समय से आजमाया हुआ है। जिसमे उन्होंने पच्छाद के विकास पर कोई ध्यान नहीं दिया।