एमबीएम न्यूज़/चंबा
अपने इलाज के लिए 35 हजार की रकम घर ले जा रहे सेवानिवृत्त रेंज ऑफिसर से हुई लूट के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने आरोपियों को तून्नूहटटी बैरियर के समीप से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पठानकोट में छिपे हुए थे। एसपी चंबा ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों की पहचान वारदात के कुछ समय बाद ही पुलिस ने कर ली थी। सीसीटीवी फुटेज से यह सुराग पुलिस को मिला था। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम पठानकोट रवाना हुई थी। लेकिन पूरा दिन जांच के बाद टीम को कोई सुराग नहीं मिला।
गौर रहे कि 20 मई को 2 बजे पुलिस थाना डलहौजी में प्रेम लाल (75) सेवानिवृत रेंज ऑफिसर ने शिकायत दी। उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे उन्होने डलहौजी में बैंक से 35 हज़ार की रकम अपने इलाज़ के लिए निकलवाई। वह सदर बाज़ार से होते हुए अपने घर की तरफ जा रहे थे। करीब1:30 बजे जब वह समसानघाट के पास पहुंचे तो उनके पीछे दो लड़के आए और उसका हाथ पकड़ लिया। दूसरे लड़के ने उसकी जेब से पैसे निकाले और वहां से भाग गए।
सूचना मिलते ही पुलिस थाना डलहौजी मे दोनों अज्ञात लड़कों के खिलाफ भारतीय दंड सहिंता की धारा 392, 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया। गहन पूछताछ व सीसीटीवी की मदद से दोनों लड़कों के चेहरों को पहचान लिया गया। इसी के आधार पर पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी। 20 मई को जांच के दौरान पता चला कि वह दोनों लड़के पठानकोट में हैं, जिस पर कार्रवाई करते हुए उसी दिन पुलिस टीम को पठानकोट रवाना कर दिया गया। जहां पर दोनों लड़कों की हर संभव तलाश की गई। मगर फिर भी आरोपियों का कुछ पता नहीं चला। आखिरकार 21 मई को शाम 6 बजे दोनों लड़कों को पुलिस ने यातायात चैक पोस्ट टुन्नुहट्टी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पठानकोट से चंबा की तरफ आ रहे थे। दोनों लड़कों की पहचान अभिषेक (22) व सूरज (19) वर्ष के रूप मे हुई है। दोनों लड़कों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।