जोगिन्दरनगर , 17 जून : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला के किहार में आईबी के अधिकारी की हत्या की गुत्थी अभी तक नहीं सुलझ पाई है। छह दिन बीत जाने पर परिजनों और जोगिंदर नगर वासियों में आक्रोश है। खफा परिजनों ने अब पुलिस अधीक्षक का भी घेराव करने का निर्णय लिया है।
बेटे की हत्या के बाद अंतिम संस्कार की रस्मों को पूरा करने के बाद परिजन जोगिंदर नगर वासियों के साथ चंबा मुख्यालय में कूच करेंगे। इस दौरान एसपी अभिषेक यादव से हत्या की वारदात को अंजाम देने के पीछे रचे षड्यंत्र और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सीधा जवाब तलब किया जाएगा। अगर मृतक के परिजन संतुष्ट नहीं हुए तो वे एसपी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
![](http://mbmnewsnetwork.com/wp-content/uploads/2024/06/CHAMBA-3.jpg)
रविवार को मृतक आईबी अधिकारी अरुण कुमार के पिता प्रभुदयाल व माता शकुंतला देवी ने बताया कि 6 दिन से वह पुलिस की निष्पक्ष जांच और केस की जानकारी हासिल करने के लिए उच्चाधिकारियों के भी संपर्क में हैं, लेकिन उन्हें पुलिस की कार्रवाई की जानकारी भी नहीं मिल पा रही है। हालांकि चंबा पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
हिमाचल की ताजा खबरों के लिए ज्वाइन करें हमारा WhatsApp चैनल
उधर, मृतक के पिता के मुताबिक हत्या के कारणों की जानकारी न मिलने से परिवार के सदस्यों में आक्रोश है। उन्होंने बताया कि मुस्लिम बहुल क्षेत्र में आईबी अधिकारी की मौत, वहां की संदिग्ध गतिविधियों का पर्दाफाश होना भी रहा होगा।
पत्नी पूजा ने कहा कि उनके बहादुर पति को हत्यारों ने क्रूरता से मौत के घाट उतारा है। वे इंसाफ के लिए पुलिस के उच्चाधिकारियों से मांग करेंगी। उन्होंने कहा कि पति की हत्या मामले में केंद्रीय गृह मंत्रालय, पुलिस महानिदेशक हिमाचल प्रदेश और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के अलावा आईबी के केंद्रीय अधिकारियों से भी पत्राचार किया गया है।
उधर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव का कहना है कि पुलिस हत्या की गुत्थी को सुलझाने में सफल हो रही है। अभी तक चार आरोपियों को सलाखों के पीछे धकेला गया है। हत्या की वारदात का पर्दाफाश भी जल्द कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों को इंसाफ दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस की कई जांच टीमें 24 घंटे कार्य कर रही हैं।