एमबीएम न्यूज़/ऊना
भारत सरकार के रेल मंत्रालय के रेलवे बोर्ड ने देशव्यापी महत्वपूर्ण पैसेंजर सर्विस कमेटी का गठन किया है। जिसमें हिमाचल से हरि ओम भनोट को बतौर सदस्य शामिल किया गया है। रेल मंत्रालय ने रेलवे बोर्ड में 13 सदस्य राष्ट्रीय समिति का गठन किया है। जिसमें हिमाचल, पंजाब व हरियाणा से एकमात्र हरि ओम भनोट को प्रतिनिधित्व दिया गया है। रेलवे बोर्ड की सबसे बड़ी इस समिति में हिमाचल के पूर्व कर्मचारी नेता व भाजपा नेता हरिओम भनोट के शामिल होने से प्रदेश का गौरव भी बड़ा है। रेल मंत्रालय ने इस समिति की अधिसूचना जारी कर दी है। वहीं इसे भारत सरकार के गजट में प्रकाशित करने के लिए भी भेज दिया है।
रेलवे बोर्ड के सचिव राजनेश साही ने अधिसूचना की प्रति राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व कैबिनेट सचिव भारत सरकार को भेजी है। उन्होंने बताया कि इस समिति का कार्यकाल 2 वर्ष का रहेगा। उपनिदेशक टूरिज्म एंड कैटरिंग रेलवे बोर्ड इस समिति के सचिव होंगे। इस समिति में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेता रमेश चंद्र को चेयरमैन नियुक्त किया गया है। समिति में हिमाचल भाजपा के सह मीडिया प्रभारी व राजपत्रित कर्मचारी महासंघ के तेजतर्रार नेता रहे हरिओम भनोट को स्थान मिलने से लोगों में खुशी है। यह समिति रेलवे के कैटरिंग, बैंडिंग स्टॉल, बुक स्टॉल ,टूरिस्ट इनफॉरमेशन सेंटर सहित अन्य कार्यों पर जहां सरकार को अपने अपने सुझाव देगी। वहीं इनका निरीक्षण भी समय-समय पर करेगी। समिति की हर माह बैठक का आयोजन भी किया जाएगा।
रेलवे बोर्ड की इस अति महत्वपूर्ण समिति में राष्ट्रीय सदस्य के रूप में उनकी नियुक्ति हमीरपुर हलके के सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा करवाई गई है। सांसद अनुराग ठाकुर ने रेलवे बोर्ड की पीसीएस समिति का सदस्य नियुक्त होने पर हरिओम भनोट को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारतीय रेल की इस अहम समिति के माध्यम से बेहतर सेवाएं आगे बढ़ेंगी। बतौर सदस्य हरिओम भनोट इसमें बेहतरीन सुझाव दे पाएंगे, ऐसा मेरा मानना है। वहीं रेलवे बोर्ड की पीसीएस समिति में सदस्य के रूप में नियुक्ति मिलने पर हरिओम भनोट ने सांसद अनुराग ठाकुर का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जिस आशा और विश्वास के साथ भारत सरकार के रेल मंत्रालय के रेल बोर्ड की समिति में उन्हें सदस्य नियुक्त किया गया है, उस पर खरा उतरेंगे।
प्रयास रहेगा कि बेहतरीन कार्य किया जा सके।हरि ओम भनोट ने अपनी नियुक्ति के लिए सांसद अनुराग ठाकुर के साथ साथ पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, मुख्यमंत्री हिमाचल जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती व सांसद शांता कुमार ,केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का भी आभार व्यक्त किया है। हरिओम भनोट ने कहा कि भाजपा नेतृत्व ने जो विश्वास जताया है। उस पर खरा ऊतरूँगा। हिमाचल के लिए भी इस समिति के माध्यम से क्या बेहतर किया जा सकता है। उस पर अधिकारियों के साथ चर्चा की जाएगी, ताकि रेलवे व टूरिज्म के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य प्रदेश में भी आगे बढ़ाया जा सके।