एमबीएम न्यूज़/ऊना
थाना अंब के तहत दो सड़का के समीप एक अज्ञात कार की चपेट में आने से 60 वर्षीय राहगीर की मौत हो गई। जबकि इस हादसे में स्कूटी पर सवार तीन लोग घायल हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है। मृतक की पहचान अंब के डूहकी निवासी 60 वर्षीय प्रकाश चंद के रूप में की गई है। जबकि घायलों में कटौहड़ खुर्द निवासी विनोद कुमार, पुष्पिंद्र व मलकीयत शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज करके आगामी जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक डूहकी निवासी प्रकाश चंद मंगलवार शाम को दो सड़का के समीप सड़क किनारे पैदल घर जा रहा था।
इसी दौरान अंब की तरफ से आ रही एक सफेद रंग की तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जोरदार था कि कार की टक्कर लगने के बाद प्रकाश चंद सड़क पर जा रही एक स्कूटी से जा टकराया। हादसे में स्कूटी सवार तीन लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क हादसे के फौरन बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में घायलों को स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए सिविल अस्पताल अंब लाया गया।
जहां से घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर्स ने उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया। ऊना में प्रकाश चंद की हालत को नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया। जहां बुधवार सुबह उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। डीएसपी अंब मनोज जम्वाल का कहना है कि पुलिस ने हादसे में घायलों के बयानों के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने हादसे में मृतक व्यक्ति का पीजीआई चंडीगढ़ में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है।