एमबीएम न्यूज़ / नाहन
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज जिला के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के चंदोल में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मण्डल स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने यह घोषणा आज राजगढ़ में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए की। उन्होंने कहा कि पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में 15 करोड़ रुपए की राशि खर्च कर 10 सिंचाई एवं पेयजल आपूर्ति योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। राजगढ़ क्षेत्र के लोगों की पेयजल की समस्या के निवारण के लिए 6.19 करोड़ रुपए की महत्वाकांक्षी उठाऊ पेयजल योजना कार्यान्वित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि 43 करोड़ रुपए की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर नाबार्ड को भेजी गई है। जिसके अंतर्गत इस विधानसभा क्षेत्र में छः सड़कों के निर्माण के लिए धनराशि प्राप्त होगी। इनमें 12 करोड़ रुपए लागत की खनोटियो-बसाली सड़क, 6.50 करोड़ रुपये की गनथल-भलेरयो सड़क, 2.78 करोड़ रुपये की क्लौ-बांगली सड़क, 5.75 करोड़ रुपए की टीनू-खड़ीमू सड़क, 14.50 करोड़ रुपए की बीबीआरसी सड़क तथा 1.50 करोड़ रुपए की भूरेश्वर महादेव सड़क शामिल हैं।
जय राम ठाकुर ने कहा कि पहाड़ी राज्य की विकासात्मक मांगें व जरूरतें अन्य राज्यों से भिन्न हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आशीर्वाद से उन्हें प्रदेश के मुख्यमंत्री का दायित्व मिला है। यह पहली बार हुआ कि देश के प्रधानमंत्री ने 11 मुख्यमंत्रियों व अन्य वरिष्ठ राष्ट्रीय नेताओं के साथ शिमला के रिज मैदान में उनके शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया। उन्होंने कहा कि वह हिमाचल प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के एकमात्र उद्देश्य के साथ कार्य कर रहे हैं। जिसके लिए वह पूर्ण रूप से समर्पित व प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य भाजपा अध्यक्ष के तौर पर उनके कार्यकाल के दौरान प्रदेश में 2007 में भाजपा सरकार पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आई थी।
विपक्ष के नेता उनकी केन्द्रीय नेताओं के साथ भेंट को नही पचा पा रहे थे। लेकिन जब प्रदेश ने केंद्र से 4365 करोड़ की विकासात्मक परियोजनाएं प्राप्त करने में सफलता पाई तो वे स्तब्ध हैं। केन्द्र में मोदी सरकार का चार साल का कार्यकाल उपलब्धियों तथा सफलताओं से भरा पड़ा है। पूर्व केन्द्रीय सरकार घोटालों व भ्रष्टाचार के आरोपों के लिए जानी जाती थी तथा उक्त सरकार के अधिकतर नेता जमानत पर हैं। जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपनी पहली मंत्रिमण्डल बैठक में वृद्धजनों के लिए वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त करने के लिए बिना किसी आय सीमा के आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष करने का निर्णय लिया। जिससे प्रदेश के लगभग 1.30 लाख वृद्धजन लाभान्वित हुए।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि क्षेत्र की छः पंचायतों में जलापूर्ति योजना के लिए 50 करोड़ रुपए की राशि के लिए ब्रिक्स को भेजी जाएगी। उन्होंने राजगढ़ में पार्किंग के लिए एक करोड़ रुपए, यशवन्त नगर में पुलिस चौकी, मुख्यमंत्री रडार योजना के अन्तर्गत हाब्बन-धानू सड़क निर्मित करने, फटी पटैल (पझौता) में डिग्री कॉलेज भवन के लिए तीन करोड़ तथा राजगढ़ में मिनी सचिवालय भवन के लिए दो करोड़ रुपए की घोषणा की। उन्होंने नागरिक अस्पताल राजगढ़ में बिस्तरों की क्षमता को 50 से बढ़ाकर 100 करने, जामा की सेर में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गलाणा घाट व जलान्त परसोली में विज्ञान संकाय की कक्षाएं आरम्भ करने, उच्च पाठशाला छोगटाली तथा कोटला बाड़ग को वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में स्तरोन्नत करने तथा माध्यमिक पाठशाला दून-देरिया को उच्च पाठशाला में स्तरोन्नत करने की घोषणा की।
उन्होंने माध्यमिक पाठशाला जालग, प्राथमिक पाठशालाओं छरावल, नैना टिक्कर तथा लेऊ कुफर के लिए दो-दो अतिरिक्त कमरों के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. वाई.एस. परमार के घर तक सड़क निर्माण के लिए 10 लाख रुपए प्रदान करने तथा सराहां और बद्दी के बीच बस सेवा आरम्भ करने के अतिरिक्त चन्दोल-मानवा-नेरी पुल सड़क को जिला सड़क घोषित करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व कोटला-बड़ोग में गौ अभ्यारण्य का शिलान्यास किया। 109 बीघा क्षेत्र में विकसित किया जाने वाला प्रदेश का यह सबसे बड़ा गौ अभ्यारण्य होगा जिसमें लगभग 500 गायों को आश्रय प्रदान करने की क्षमता होगी।
इसका निर्माण 1.52 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा तथा इसे राज्य पशुपालन विभाग द्वारा संचालित किया जाएगा। उन्होंने 2.28 करोड़ रुपए की लागत से सोलन-राजगढ़-मीनस सड़क पर गिरी नदी के उपर निर्मित 49 मीटर लम्बे पुल का भी लोकार्पण किया। उन्होंने 87 लाख रुपए की लागत से राजगढ़ में निर्मित ऊठाउ पेयजल योजना नेई नेटी का भी लोकार्पण किया। राज्य भाजपा महासचिव चन्द्र मोहन ठाकुर ने इस अवसर पर अपने विचार रखे तथा विभिन्न विकासात्मक मांगों को विस्तार से प्रस्तुत किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री का वृद्धजनों के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बिना आय सीमा के 80 से 70 वर्ष करने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने राजगढ़ क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया। भाजपा किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष बलदेव सिंह भण्डारी और पच्छाद भाजपा मण्डलाध्यक्ष प्रताप ठाकुर ने मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया।
Latest
- विधानसभा सचिवालय का निर्दलीय विधायकों को नोटिस, दलबदल विरोधी कानून में मांगा जवाब
- सोलन : शॉर्ट सर्किट से गेहूं के खेत में लगी भीषण आग, किसान की जिन्दा जलने से मौत
- किन्नौर : दो माह से बंद है रोपा वेली का एकमात्र SBI एटीएम, लोग परेशान
- शिमला संसदीय क्षेत्र से दयाल प्यारी को टिकट तो मुसाफिर की घर वापसी से इंकार की ये वजह…
- नाहन : सैनवाला के युवक ने सुसराल पक्ष पर लगाए बस से उतार कर मारपीट के आरोप