एमबीएम न्यूज़ / हमीरपुर
गलोड़ कस्बे के अंतर्गत पिछड़ी पंचायत कश्मीर के टेहली गांव की माया देवी पत्नी मौजी राम जब खेतों में काम कर रही थी तो उसी समय उस पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। माया देवी के साथ उसकी देवरानी सुनीता देवी भी थी। जैसे ही वे दोनों बंदरों को भगाने लगी उसी समय बंदरों ने हमला कर दिया। माया देवी को जख्मी कर दिया।
देवरानी ने जोर-जोर से आवाज लगाईं और साथ के घरों के लोग महिला को बचाने के लिए दौड़े। तब जाकर महिला को बंदरों के चुंगल से छुड़ाया। मौजी राम ने बताया कि उनके गांव में पिछले चार माह में महिलाओं पर बंदरों का यह तीसरा हमला था। पिछले माह भी एक महिला को जो आंगन में बर्तन साफ कर रही थी। बंदरों ने बुरी तरह लहूलुहान कर दिया था।
खेतों की तो बात ही दूर रही अब तो बंदर लोगों को भी शिकार बनाने लग पड़े हैं। कश्मीर पंचायत प्रधान सरला राणा का कहना था कि इस तरह बंदरों द्वारा आए दिन महिलाओं पर हमले पर जिला प्रशासन को और सरकार को कार्रवाई करने की जरूरत है।
लोगों का कहना है कि वन विभाग को इस क्षेत्र से शीघ्र बंदरों को पकड़ कर दूर ले जाकर छोड़ा जाए। ताकि लोग खेती का काम आसानी से और निडर होकर कर सकें। इस बारे में वन अधिकारी प्रीति भंडारी ने बताया कि महिला को इलाज के लिए विभाग से हर संभव मदद की जाएगी।