नाहन (एमबीएम न्यूज): छह साल की अक्षरा लिटल मास्टर के सीजन-4 में मुंबई के स्टेज पर अपना जलवा बिखेरने में सफल
रही है। हालांकि टॉप-16 में जगह नहीं बना पाई, लेकिन टॉप-100 में ही पहुंचना बड़ी सफलता है। प्रतिभा की कमी अक्षरा में नहीं है, लेकिन अपनी उम्र से आठ साल बड़े बच्चों के साथ मैगा ऑडिशन में पहुंचने में सफल हुई।
बताया गया कि अंडर-10 बच्चों को फाइनलिस्ट बनाने में संकोच भी किया जाता है। इसकी वजह यह है कि कम उम्र के बच्चों को लर्निंग करवाना एक चुनौती होता है। सनद रहे कि डांस इंडिया डांस के दो चरण पार करते हुए सिरमौर के नौहराधार के ग्रामीण क्षेत्र की अक्षरा मैगा ऑडिशन तक पहुंचने में सफल रही।
यह आयोजन एसएल स्टूडियो मुंबई में हुआ, जिसमें निर्णायक की भूमिका बॉलीवुड की नामी हस्तियों ने निभाई। अक्षरा करीब छह महीने से जैज बीट लेजर डांस स्टूडियो नाहन में प्रशिक्षण ले रही है। कोरियाग्राफर अरविन्द कौर व हिमांशु चौहान अक्षरा को प्रशिक्षित कर रहे हैं। छह साल की बच्ची देश भर के डांसर्स को पछाड़ कर सिरमौर के लिए गौरव लाई है।
मैगा ऑडिशन का प्रोमो जी टीवी पर शुरू हो चुका है, जिसका प्रसारण 3 मार्च को होगा।