मंडी (वी कुमार) : स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने अपनी हार के लिए वीरभद्र सिंह के समर्थक बन चुके पूर्ण चंद ठाकुर को अपनी हार के लिए जिम्मेवार ठहराया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि प्रदेश की जनता का ज्यादा विकास हजम नहीं हुआ और लोगों ने विकास के खिलाफ मतदान किया है। यह बात उन्होंने मंडी में कही।
कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्ण चंद ठाकुर को वीरभद्र सिंह की पूरी स्पोर्ट थी और इस बात को पूर्ण चंद खुले मंच से कहता था। उन्होंने पूर्ण चंद ठाकुर पर लगाम लगाने के लिए कई बार वीरभद्र सिंह से बात भी की लेकिन वीरभद्र सिंह इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्ण चंद ठाकुर सिर्फ उन्हें हराने के लिए चुनावी मैदान में उतरा था। उन्होंने कहा कि पूर्ण चंद ठाकुर ने कांग्रेस के ही वोट काटे और यदि यह वोट उन्हें मिल जाते तो वह फिर से विधानसभा में होते। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को इस बार ज्यादा विकास हजम नहीं हुआ।
जनता ने विकास के खिलाफ मतदान किया और दिग्गजों को धराशाही कर दिया। कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जहां पर ज्यादा विकास करवाया था वहीं पर ही दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कई बार ज्यादा खाने से बदहजमी हो जाती है वैसी ही बदहजमी इस बार प्रदेश की जनता को हो गई और उन्होंने भाजपा को अपना बहुमत दिया। उन्होंने कहा कि अब पांच वर्षों में प्रदेश की जनता को पता चलेगा कि भाजपा कितना विकास करवाती है और फिर जनता को तुलना करने का मौका मिलेगा।
कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि अगले पांच वर्षों तक वह पार्टी की सेवा करेंगे और 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी को इस तरह से तैयार करेंगे कि कांग्रेस भारी बहुमत के साथ सरकार बनाए।