शिमला (एमबीएम न्यूज़) : मौसम विभाग द्वारा भारी बर्फबारी के पूर्वानुमान के चलते शिमला जिला प्रशासन भी व्यवस्थाओं लेकर पूरी तरह से सतर्क हो गया है। राजधानी शिमला और इससे सटे इलाकों में बर्फबारी के दौरान लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रशासन ने पूरे इंतजाम कर दिए हैं और शहर को पांच सैक्टरों के बांटा है।
उपायुक्त व अध्यक्ष जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण रोहन चन्द ठाकुर ने बताया कि बर्फबारी के दौरान सडकों को साफ रखने एवं जनजीवन को सामान्य बनाए रखने के उद्देश्य से शिमला नगर को पांच सेक्टरों में विभाजित किया गया है।
उन्होंने बताया कि सेक्टर एक के तहत संजौली, ढली, नालदेरा, कुफरी, मशोबरा, बल्देयां, छोटा शिमला शामिल हैं। सेक्टर दो में ढली संजौली, आई.जी.एम.सी, लक्कड बाजार विक्ट्री टनल तक, कैथू, ढली बाईपास, भराडी,चौडा मैदान, अनाडेल तथा एजी औफिस क्षेत्र सम्मिलित हैं।
सेक्टर तीन में बाईपास राष्ट्रीय राजमार्ग सडक वाया आई.एस.बी.टी शोघी तक, बी.सी.एस, विक्ट्रीटनल, चक्कर, बालूगंज, टूटू, नाबा, फागली, खलीनी, जतोग एवं विकास नगर होंगे। सेक्टर चार में विक्ट्रीटनल, कार्ट रोड छोटा शिमला तक, ओकओवर, यू.एस.क्लब, रिज, होलीलॉज, जाखू, रिचमाउन्ट, रामचन्द्र चौक, कमला नेहरू अस्पताल, हाईकोर्ट व डी.सी औफिस को शामिल किया गया है।
सेक्टर पांच के अन्तर्गत छोटा शिमला, मैहली, कसुंम्पटी, पन्थाघाटी, हिमाचल प्रदेश सचिवालय, ब्रोक्होर्स्ट, क्षेत्र रहेंगे।
उन्होंने बताया कि बर्फ बारी के दौरान लोगों को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा यह निर्णय लिया गया है। सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को इस संदर्भ में आवश्यक दिशानिर्देश जारी कर दिये गए हैं। उन्होंने कहा कि सम्बन्धित विभाग इस दौरान आपसी समन्वय व सामाजस्य से कार्य कर आपदा से निपटने व लोगों को सुविधा प्रदान करना सुनिश्चित करें।