एमबीएम न्यूज़ /शिमला
प्रदेश में रेप और मर्डर के बढ़ते मामलों ने लोगों को हैरत में डाल रखा है। पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद ऐसे अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। ताज़ा मामला राजधानी शिमला के ढली थाना क्षेत्र के मशोबरा का है। यहां एक नाबालिग किशोरी को एक अधेड़ व्यक्ति ने हवस का शिकार बनाया। पीड़िता छठी कक्षा की छात्रा है।
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस ने आज बताया कि मशोबरा में 12 वर्षीय लड़की से 55 वर्षीय एक व्यक्ति ने 4 मई की रात्रि उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। पीड़िता के मुताबिक उसके परिजन जब घर से बाहर थे, तब आरोपी उसके घर में घुसा और उसे अकेला पा जबरन दुराचार किया। पीड़िता ने आज आरोपी की खिलाफ ढली थाने में शिकायत की। जिस पर त्वरित कार्रवाई कर पुलिस ने आरोपी निक्कू राम को मशोबरा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चाय की दुकान चलाता है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पीड़िता की चिकित्सीय जांच में दुराचार की पुष्टि हुई है और आरोपी के विरुद्ध आईपीसी की धारा 376 और यौन अपराध से बच्चों का संरक्षण ( पॉक्सो ) कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।