शिमला, 14 अगस्त : स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले राजधानी शिमला में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। आलम यह है शहर के तमाम छोटे-बड़े होटल, गेस्ट हाउस और होमस्टे सैलानियों से भर गए हैं। वहीं पार्किंग स्थलों पर वाहनों को पार्क करने के लिए भी जगह नहीं बची है। मानसून सीजन में पिछले लगभग डेढ़ माह से चल रहे वर्षा के दौर के बीच पहली बार इस कदर सैलानियों का जमावड़ा उमड़ा है। स्वतंत्रता दिवस पर एक साथ तीन छुट्टियों की वजह से शिमला में उम्मीद से अधिक पर्यटक पहुंच गए हैं। इस कारण पुलिस का यातायात प्लान भी चरमराता नजर आया। शहर के प्रवेश द्वार शोघी कस्बे से एंट्री प्वाइंट व शहर के भीतर दिनभर वाहन रेंगते रहे।
हालांकि शिमला में वीकेंड पर सैलानियों की भीड़ पहुंचना सामान्य बात है, लेकिन इस कदर सैलानी टूट पड़ेंगे, इसका जरा भी अंदाज़ा नहीं था। हालाकि पिछले तीन दिन से सैलानियों का निरंतर आगमन जारी था और रविवार को भी भारी संख्या सैलानी शहर पहुंचे। जिस कारण नगर के सरकारी व गैर सरकारी होटल सैलानियों से पैक हो गए। पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट से मॉल रोड तक पहुंचने के लिए दिन भर सैलानियों की कतारें नजर आईं। शाम के समय मॉल रोड और रिज मैदान सैलानियों से खचाखच भरा रहा।
शिमला से सटे पर्यटन स्थल कुफरी में भी सैलानियों की काफी चहल-पहल रही। बारिश के दौरान भी सैलानी टहलते नजर आए। शहर के धार्मिक स्थलों जाखू, संकटमोचन, तारादेवी, कालीबाड़ी और ढिंगू माता मंदिर में आज बड़ी सँख्या में सैलानियों की भारी भीड़ जुटी रही। सैलानियों की भारी तादाद में पहुंचने से पर्यटन कारोबार से जुड़े व्यवसाई बेहद खुश हैं। एक स्थानीय होटल व्यवसायी के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के वीकेंड पर आने से शहर में सैलानियों की भीड़ पहुंची है।
मानसून सीजन में पर्यटन कारोबार के लिए यह अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि समर सीजन में तो शिमला में पर्यटन व्यवसाय की चांदी रहती है, लेकिन मानसून सीजन में बारिश की वजह से शहर में पर्यटकों के आना अक्सर कम रहता है। इस बार स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर यहां सैलानियों के उमड़ने से पर्यटन कारोबारी काफी खुश हैं।