नाहन, 25 जुलाई : सिरमौर मुख्यालय नाहन के समीपवर्ती गांव जलापड़ी में पिछले तीन-चार दिनों से तेंदुए के गुर्राने की आवाज से ग्रामीणों में खासा डर का माहौल है। गांव के कच्चे रास्तों पर ग्रामीणों को रोजाना ही तेंदुए के पंजों क निशान मिल रहे हैं। ग्रामीणों ने एमबीएम न्यूज नेटवर्क को बताया कि तेंदुए की मौजूदगी से डर का माहौल व्याप्त है। इस दिशा में वन विभाग को उचित कदम उठाने चाहिए।
लगातार मिल रही तेंदुए की मौजूदगी के कारण बच्चों को घर से नहीं निकलने दिया जा रहा। साथ ही अन्य लोग भी सावधानी बरत कर ही घरों से निकलते हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर तो कुछ नहीं कहा जा सकता, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि पिछले कुछ सालों में तेंदुए की जनसंख्या में इजाफा हो रहा है। कालाअंब मार्ग पर आम्बवाला गांव में भी तेंदुए की कदमताल सामान्य बात है।
ग्रामीणों की मानें तो तेंदुए के निशाने पर घरों के पालतू कुत्ते भी होते हैं। इसी कारण अधिक भय बनता है। हाल ही में आम्बवाला में भी तेंदुआ घर की दीवार के साथ देखा गया था, जिसके निशाने पर घर का कुत्ता था। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि अगर आत्मरक्षा के लिए तेंदुए को मारा जाता है तो उस स्थिति में जेल का सामना तक करना पड़ सकता है। ऐसे में विभाग को ही अपने स्तर पर उचित कदम उठाने चाहिए। साथ ही ग्रामीणों को बचाव के लिए भी जागरूक करना चाहिए।