• Skip to primary navigation
  • Skip to main content
  • Team
  • Services
  • Contact
  • Matrimony

MBM NEWS NETWORK

Indian News

  • होम
  • हिमाचल प्रदेश
    • सिरमौर
    • सोलन
    • मंडी
    • उद्योग
    • दुर्घटनाएं
    • उद्योग
    • खेलकूद
  • सामान्य ज्ञान
  • साहित्य
  • विडियो
  • फिल्मी दुनिया
    • मनोरंजन
  • राजनैतिक
  • मनोरंजन
  • युवा
  • क्राइम
  • नेशनल
  • अंतर्राष्ट्रीय 

shimla hindi news

शिमला में बारिश का कहर, जगह-जगह गिरे पेड़, वाहनों को नुकसान

August 22, 2021 by MBM News Network

शिमला, 22 अगस्त : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में रविवार व्यापक बारिश से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश से कुछ स्थानों पर जहां विशालकाय पेड़ धराशायी हुए, वहीं एक अस्थायी मकान भूस्खलन की जद में आया। शहर में बारिश और भूस्खलन से आम जनजीवन प्रभावित हुआ और कई क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति भी ठप रही। गनीमत यह रही कि इस दोैरान किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ।

सुबह के वक्त शिमला में हुई जोरदार बारिश से टालैंड के समीप खलीनी बाईपास पर देवदार का विशालकाय पेड़ जड से उखड़कर सड़क के बीचों-बीच गिर गया और वहां पार्क एक टिप्पर इसकी चपेट में आकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि टिप्पर में कोई भी सवार नहीं था। बाईपास मार्ग पर पेड़ गिरने से वाहनों का जाम लग गया। नगर निगम प्रशासन ने पेड़ को काटकर बाईपास बहाल किया। इसके बाद आईएसबीटी-फागली सड़क पर दो देवदार के पेड़ गिरे।

इस घटना में भी जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। बाद दोपहर फागली संस्कृत कालेज के समीप एक अस्थायी मकान भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुआ। घटना के वक्त अस्थायी मकान खाली था। शहर में बारिश का दौर लगातार चलने से भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। हर साल बरसात के मौसम में राजधानी में भूस्खलन की कई घटनाएं घटित होती हैं।

मोैसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दोैरान शिमला में 64 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा नेैना देवी में 47, पालमपुर में 43, सुजानपुर टीहरा में 43, बेैजनाथ में 34, बलद्वारा में 32, बरठीं में 31, करसोग में 30, कोटखाई में 27, नादोैन में 25, सुंदरनगर में 20, भराड़ी व नालागढ़ में 19-19, कुफरी, जोगेंद्रनगर व मनाली में 17-17, मैहरे, बिजाई, कंडाघाट व धर्मशाला में 16-16 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि राज्य में आगामी दिनों में भी बादलों के बरसने की संभावना बनी हुई है। 28 अगस्त तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। 26 अगस्त को मैेदानी एवं मध्य पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है और आठ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने आम जनमानस एवं सैलानियों से नदी-नालों के निकट न जाने की अपील की है।

Filed Under: शिमला, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, shimla hindi news

हिमाचल उपचुनाव में भाजपा के खिलाफ प्रचार करेगी भारतीय किसान यूनियन

August 21, 2021 by MBM News Network

शिमला, 21 अगस्त : किसान नेता राकेश टिकैत के नेतृत्व वाली भारतीय किसान यूनियन हिमाचल प्रदेश की एक लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में चलाकर भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोलेगी। नो वोट फॉर बीजेपी अभियान के जरिए किसानों व आम जनता से भाजपा के खिलाफ वोट करने की अपील की जाएगी। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अनेंद्र सिंह नोैटी ने शनिवार को शिमला में प्रेस वार्ता में ये ऐलान किया।

उन्होंने कहा कि राकेश टिकैत की अगुवाई में भारतीय किसान यूनियन पिछले नौ महीनों से किसानों के हितों के लिए संघर्ष कर रही है, लेकिन भाजपा शासित केंद्र व प्रदेश सरकार ने किसानों की मांगों को अनसुना कर रही है। अब जहां-जहां चुनाव होंगे, वहां इस किसान विरोधी भाजपा सरकार के खिलाफ प्रचार किया जाएगा। हिमाचल के उपचुनाव में भाजपा को इसका ट्रेलर दिखाएंगे। ये सुनिश्चित किया जाएगा कि उपचुनाव में भाजपा को कोई ताकत किसानों से न मिले। उन्होंने दो टूक कहा कि इन उपचुनावों में किसानों की अहम भूमिका रहेगी। उन्होंने दावा किया कि भारतीय किसान यूनियन के आंदोलन में हिमाचल के किसान सक्रिय हैं, और कई जिलों में यूनियन का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने किसानों के साथ छल व अत्याचार किया है और जहां-जहां चुनाव होंगे, वहां किसानों के बीच जाकर भाजपा के खिलाफ प्रचार किया जाएगा। इस कड़ी में किसान यूनियन पूरे देश में नो वोट फॉर बीजेपी अभियान का आगाज करेगी। हिमाचल की एक लोकसभा व तीन विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में भी इस अभियान के जरिए किसानों व आम जनता को भाजपा की किसान विरोधी नीतियों से अवगत करवाया जाएगा।

नोैटी ने प्रदेश सरकार पर सिरमोैर व सोलन जिलों के टमाटर उत्पादक किसानों का सुध न लेने का भी आरोप जड़ा। कहा कि इस साल खराब सड़कों व विपणन की सही व्यवस्था न होने से टमाटर की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है, लेकिन सरकार ने टमाटर उत्पादक किसानों को मुआवजा देना जरूरी नहीं समझा। उन्होंने मंडी के बल्ह में प्रस्तावित अंतरराष्टीय हवाई अड्डे का विरोध करते हुए कहा कि इस हवाई अड्डे के नाम पर प्रदेश सरकार बल्ह की सुंदर व उपजाऊ भूमि को खत्म कर किसानों को उजाड़ने का काम कर रही है।

Filed Under: शिमला, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, shimla hindi news

#HP : टीम कमांडर बना HAS अधिकारी, 76 किमी पैदल चढ़ाई कर पहली बार फहराया तिरंगा

August 21, 2021 by शैलेंद्र कालरा

शिमला, 21 अगस्त : वैसे तो समूचे देश में आजादी (Independence) की 75वीं वर्षगांठ को हर भारतीय अपने अंदाज में मनाने की कोशिश कर रहा है। मगर जैसा हिमाचल के कांगड़ा प्रशासन ने किया है, वो स्वर्णिम इतिहास(History) बना है। देश व दुनिया से अलग-थलग इलाका है ‘‘बड़ा भंगाल’’। आम वही शख्स, इस जगह तक पहुंचने की सोच सकता है, जिसे पर्वतारोहण (Mountaineering) का तजुर्बा हो। खैर, अगर भारतीय सेना को ये टास्क दिया जाता तो अलग बात थी, लेकिन यहां तो सामान्य प्रशासन ने आजादी के अमृत महोत्सव को यादगार बना दिया है। खबर का शीर्षक पढ़कर आपके मन में उथल-पुथल हो रही होगी कि भई ऐसा क्या हो गया।

चलिए बताते हैं….
दरअसल, बैजनाथ में तैनात एसडीएम सलीम आजम को पर्वतारोहण का तजुर्बा है। वो एवरेस्ट के बेस कैंप तक भी एक मर्तबा पहुंचे हैं। उपायुक्त निपुण जिंदल (IAS Nipun Jindal) की मौजूदगी में आयोजित बैठक में विचार कौंधा कि क्यों न इस बार बड़ा भंगाल में आजादी की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाए। एसडीएम ने इस पर हामी भरने में तनिक भी देरी नहीं की। उपायुक्त ने भी इतिहास बनाने के लिए पूरा ताना-बाना बुन दिया।

उपायुक्त ने सुझाव दिया कि प्रशासन पहली बार बड़ा भंगाल में जनता के द्वार कार्यक्रम को आयोजित कर लिया जाए। इसके बाद सवाल तैर उठा कि हरेक विभाग के प्रतिनिधियों को कठिन ट्रैकिंग (Tracking) के जरिए वहां तक कैसे पहुंचाया जाएगा। लगभग एक महीने पहले ही पांच चिकित्सकों सहित 40 सदस्य टीम बना ली गई। इसमें 5 पोटर्स भी शामिल किए गए। इस बात का ध्यान रखा गया कि केवल यंग व मेडिकली फिट लोग ही टीम में शामिल किए जाएं।

एसडीएम सलीम आजम ने टीम के तमाम सदस्यों को रोजाना कसरत व फिटनेस का उचित ध्यान देने का आग्रह किया, क्योंकि बड़ा भंगाल तक पैदल पहुंचने के लिए एक रास्ते से लगभग 47 किलोमीटर की ऐसी दुर्गम ट्रैकिंग करनी थी कि मामूली चूक की भी गुंजाइश नहीं थी। टीम के हरेक सदस्य को इस बात से भी अवगत करवा दिया गया था कि आने-जाने में एक सप्ताह का वक्त लगेगा। वहां न तो लाइट है और न ही फोन की कोई सुविधा। पंचायत सचिव के पास केवल सैटेलाइट फोन ही है। चूंकि टीम ने बड़ा भंगाल पहुंचने के लिए चंबा के होली वाले मार्ग को चुना था, जो न केवल खतरनाक है, बल्कि एक गलत कदम रावी नदी में पहुंचा सकता है। पूरे ट्रैक पर रास्ता नाम की कोई चीज नहीं है। 40 सदस्यों को दो अलग-अलग टीमों में बांटा गया था। ये सफर 11 अगस्त को शुरू हुआ और 19 अगस्त को समाप्त हुआ।


ऐसे हुआ आजादी का जश्न…

गांव की आबादी लगभग 630 है। इसमें 500 मतदाता हैं। हरेक सदस्य के चेहरे पर एक ऐसी मुस्कान थी, जो शायद उन्हें आजादी के बाद पहली बार नसीब हुई होगी। उपमंडलीय स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में जब एसडीएम ने तिरंगा फहराया तो बड़ा भंगाल के हरेक व्यक्ति की नजर तिरंगे ( Tricolor) की तरफ ही टिकी हुई थी। एसडीएम ने उपायुक्त निपुण जिंदल द्वारा बड़ा भंगाल पंचायत के लिए स्वीकृत 15 लाख रुपए की राशि की भी घोषणा की। इसके जरिए अब घरों के कलस्टर बनाकर सौर उर्जा से बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी। साथ ही रास्तों का भी निर्माण होगा। बड़ा भंगाल (Bara bhngal) के 91 वर्षीय मूलचंद ने प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम में पैंशन से जुड़ी समस्या से एसडीएम को अवगत करवाया। उल्लेखनीय है कि बर्फबारी में इस इलाके तक पैदल पहुंचना भी मुमकिन नहीं होता।


ये बोले एसडीएम…. आजादी की 75वीं वर्षगांठ को अपने अंदाज में मनाने के अनुभव की चर्चा एसडीएम सलीम आजम ने एमबीएम न्यूज नेटवर्क से की। उनका कहना था कि बड़ा भंगाल तक पहुंचने में तीन दिन का वक्त लगा। टीम के हरेक सदस्य का चयन लगभग एक महीने पहले ही कर लिया गया था। चंबा के होली के नयाग्रां से बड़ा भंगाल की दूरी 47 किलोमीटर है। बीच में एक दर्रा भी पड़ता है, जो काफी चुनौतीपूर्ण (challenging) रहता है। उन्होंने कहा कि वो इस बात को लेकर बेहद ही खुश थे कि गांव वालों ने 40 सदस्यों की टीम की तीन दिन तक मेहमानवाजी में कोई कमी नहीं आने दी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि अब तक इस इलाके से दो-तीन लोग ही सरकारी नौकरी हासिल कर सके हैं।

इत्तफाकन ये इलाका अनुसूचित जनजाति में भी नहीं है। उन्होंने कहा कि गांव के युवा बीड़ में जाकर पैराग्लाइडिंग को भी अपने व्यवसाय से जोड़ चुके हैं। वो टैंडम फ्लाइट में माहिर हैं। सर्दियों के समय 50 से 70 लोग ही इस जगह रहते हैं। एसडीएम ने ये भी कहा कि ट्रैकिंग के दौरान 7 प्वाइंट (Seven Points) ऐसे चिन्हित किए गए, जहां मामूली सी गलती से जान बचने की कोई गुंजाइश नहीं थे।

अवार्ड का हकदार…
चूंकि इस बार केंद्र सरकार आजादी की 75वीं वर्षगांठ को आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में मना रही है। ऐसी साहसिक टीम का एक प्रशस्ति पत्र तो बनता ही है। राज्य सरकार को स्वतंत्रता दिवस के ऐसे कार्यक्रम की विस्तृत रिपोर्ट (Detailed report) केंद्र सरकार को भेजनी चाहिए। इससे खतरों पर खेलकर आजादी का जश्न मनाने वाली टीम की हौंसला अफजाई होगी।

हेलीपैड तो है, मगर…
बड़ा भंगाल में हैलीपैड तो है, मगर इसकी उड़ान भी आसान नहीं है। दो उंचे पहाड़ों के बीच से उड़ान भरते हुए रावी नदी के किनारे लैंड करना होता है। फ्लाइट के दौरान पायलट को अतिरिक्त सावधानी बरतनी होती है। बताते हैं कि बतौर मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल एक बार बड़ा भंगाल के प्रवास पर गए थे। मगर आजादी के जश्न का इतिहास 15 अगस्त 2021 को लिखा गया है।

Filed Under: कांगड़ा, चंबा, मुख्य समाचार, शिमला, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, shimla hindi news

भविष्य में मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर ये बोले केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर

August 20, 2021 by MBM News Network

शिमला, 20 अगस्त : केंद्रीय सूचना व प्रसारण और युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर जन आशीर्वाद यात्रा के लिए वीरवार देर शाम शिमला के राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित वरिष्ठ मंत्रियों और प्रदेश भाजपा के आला नेताओं ने उनका स्वागत किया।

पीटरहॉफ में शुक्रवार सुबह अनुराग ठाकुर मीडिया से मुखातिब हुए। भविष्य में हिमाचल के मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि “वर्तमान में मुझे जो जिम्मेदारी मिली है, उससे मैं बहुत प्रसन्न हुुं और हिमाचल के लिए क्या कर सकता हूं, ये मेरा प्रयास रहेगा।“ अनुराग ठाकुर बोले कि “मुझे लगता है कि कई बार चर्चा होती है कि कौन विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री बनेगा, लेकिन पद से बड़ा कुछ नहीं होता। जो भी कुछ मिलता है, उस पर कुछ कर दिखाओ। मुझे इससे पहले भी जो पद एवं अवसर मिला, मैं उसके साथ न्याय करता रहा, सीखने और कुछ करने का भी मेरा प्रयास रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अब मुझे सूचना प्रसारण मंत्री का दायित्व देकर पूरे हिमाचल का मान सम्मान दिया है और मैं इस पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा।

“अनुराग ठाकुर ने कहा कि कोरोना महामारी से प्राथिमिकताएं बदल गईं ओैर विकास की कई परियोजनाओ में विलंब हुआ है। कोरोना वैक्सीन की मैनुफक्चरिंग व अन्य सुविधाओं के अपग्रेड की ओर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बल्क ड्रग पार्क के लिए 80 फीसदी राॅ मैटीरियल को चीन से आयात करना पड़ता है। केंद्र सरकार राॅ मैटीरियल को भारत में ही तैयार करने की दिशा में कदम उठा रही है और इससे देश में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। ये आत्मनिर्भर भारत की सोच है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ सबका विश्वास मूल मंत्र को लागू करके दिखाया है। देश की 50 करोड़ आबादी को आयुष्मान भारत योजना में पांच लाख के मुफत इलाज का लाभ मिला है। 8 करोड़ महिलाओं को रसोई गैस सिलेंडर, हर परिवार में शौैचालय की सुविधा दी गई। हर घर हर गांव में बिजली पहुंचाई गई। आपदा के समय जाति धर्म से उठकर सबको मुफ्त वैक्सीन दी गई। अनुराग ठाकुर ने कहा कि ओलंपिक में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी सामान्य एवं गरीब घरों से आते हैं और भारत सरकार ने इन प्रतिभाओं को निखारा है।

उन्होंने कहा कि उनका अगला 10 साल का एजेंडा हिमाचल की कला संस्कृति को देश व विदेश तक पहुंचाना है, और इस कार्य के लिए दूरदर्शन एवं अन्य प्लेटफार्म का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा देश व विदेशों में भी खिलाड़ियों को प्रशिक्षण करवाया जा रहा है। खेलो इंडिया के तहत देश में 288 प्रशिक्षण अकादमियां खोली गई हैं और अगले एक-डेढ़ साल में ऐसी 1000 से अधिक अकादमियां खोली जाएंगीं। कहा कि राज्य सरकारों को स्कूल कॉलेज विवि में खेल को बढ़ावा देनी चाहिए। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में खेलों पर विशेष बल दिया गया है। इससे खेलों में बड़ा बदलाव आएगा तथा अब ओपचारिक मात्र खेल नहीं होंगे। खेलों से विद्यार्थियों को शारीरिक व मानसिक तौर पर मजबूत करने ओैर निर्णय लेने की क्षमता बढ़ती है। 

Filed Under: शिमला, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, shimla hindi news

हिमाचल में 20 अगस्त को होगी मुहर्रम की छुट्टी

August 17, 2021 by MBM News Network

शिमला , 17 अगस्त : हिमाचल प्रदेश में अब मुहर्रम की छुट्टी 20 अगस्त को होगी। पुराने अवकाश को निरस्त कर दिया गया है। इसे लेकर सरकार की तरफ से अधिसूचना जारी की गई है। हालांकि सरकारी कैलेंडर के अनुसार हिमाचल में मुहर्रम की छुट्टी 19 अगस्त थी।

मुख्य सचिव राम सुभग सिंह की तरफ से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि राज्य में मुहर्रम का अवकाश 19 अगस्त की बजाय अब 20 अगस्त को होगा। 

Filed Under: शिमला, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, shimla hindi news

ADG SP सिंह को राष्ट्रपति पुलिस पदक, DIG मधु सूदन समेत 3 को पुलिस मैडल… 

August 14, 2021 by MBM News Network

शिमला, 14 अगस्त : हिमाचल प्रदेश पुलिस के एडीजी एसपी सिंह को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर राष्ट्रपति पुलिस पदक और डीआईजी मधू सूदन समेत तीन अन्य पुलिस अधिकारियों को पुलिस पदक से नवाजा जाएगा। केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जारी सूची के तहत एडीजी होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस सतिंदर पाल एसपी सिंह को उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रपति पुलिस मेडल प्रदान किया गया है। 

वहीं डीआईजी सेंटर रेंज मंडी मधु सूदन, हमीरपुर के इंस्पेक्टर छोटा राम और मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात हेड कांस्टेबल भुपिंद्र कुमार को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक के लिए चुना गया है। हर वर्ष पुरस्कारों की घोषणा स्वतंत्रता दिवस के मौके पर की जाती है। बाद में सभी राज्य सरकार सादे एवं गरिमापूर्ण समारोह में आयोजित कर पदक प्रदान करती है। मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच में रविवार को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में पदक से सम्मानित किया जाएगा।

राष्ट्रपति पुलिस पद के लिए चुने गए एडीजी एसपी सिंह 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। एसपी सिंह छह माह पहले केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के बाद हिमाचल लौटे हैं। होमगार्ड का जिम्मा संभालने के बाद उन्होंने बेहतरीन कार्य किया है। वह तेजतर्रार अधिकारियों में शुमार हैं। इसके अलावा डीआइजी सेंटर रेंज मंडी मधु सूदन, हमीरपुर के इंस्पेक्टर छोटा राम और मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात हेड कांस्टेबल भुपिंद्र कुमार को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से नवाजा जाएगा।

मधू सूदन हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला से संबंध रखते हैं। वह 2006 बैच के आईपीएस हैं। वहीं इस सम्मान को हासिल करने वाले छोटा राम एकमात्र इंस्पेक्टर हैं। वह हमीरपुर जिला में तैनात हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और डीजीपी संजय कुंडू ने चारों पुलिस अधिकारियों को बधाई दी है। 

Filed Under: मुख्य समाचार, शिमला, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Himachal Police, shimla hindi news

विधानसभा स्पीकर को हटाने का कांग्रेस का नोटिस सदन में खारिज

August 13, 2021 by MBM News Network

शिमला, 13 अगस्त : हिमाचल विधानसभा के स्पीकर विपिन सिंह परमार को हटाने का विपक्षी दल कांग्रेस का नोटिस सदन में खारिज हो गया। विपक्ष की गैर मौजूदगी में सत्ता पक्ष ने इस नोटिस को तकनीकी आधार पर सही नहीं पाया और इसे खारिज कर दिया। दरअसल विपक्षी सदस्यों ने विस अध्यक्ष को हटाने के लिए शुक्रवार को विधानसभा सचिव को नोटिस थमाने के बाद सदन की कार्यवाही का बहिष्कार किया था। विपक्ष ने विस अध्यक्ष पर एक विशेष विचाराधारा को त्वज्जो देने एवं पार्टी के एजेंडे को आगे बढ़ाने का आरोप लगाया था।

इस मामले पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सदन के भीतर कहा कि कांग्रेस का विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ नोटिस का तरीका व्यवस्था के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि तकनीकी आधार पर यह नोटिस स्वीकार करने योग्य नहीं है, क्योंकि इसके लिए सदन के एक तिहाई सदस्यों का समर्थन जरूरी है। उन्होंने मानसून सत्र के अंतिम दिन इस तरह का नोटिस देने पर हैरानी जताई और कहा कि यदि कांग्रेस ने ऐसा कुछ करना था, तो उसे पहले इस मुद्दे पर सदन में चर्चा करनी चाहिए थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के विधायकों ने अपनी राजनीति चमकाने और खबरों में बने रहने के लिए विस अध्यक्ष को हटाने का मुद्दा उछाला है।

इससे पहले, इस मुद्दे पर संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने पहले एक प्रस्ताव पेश किया, जिसमें नोटिस को रद्द करने की बात कही थी, लेकिन बाद में माकपा विधायक राकेश सिंघा द्वारा इस मामले पर सदन में अपनाए गए तरीके पर आपत्ति जताए जाने के बाद सुरेश भारद्वाज ने अपना प्रस्ताव वापस ले लिया और कहा कि सदन के नियमों के मुताबिक यह नोटिस स्वतः ही रद्द हो गया है।

उन्होंने कहा कि संविधान और विधानसभा संचालन नियमों के तहत इस तरह के नोटिस को एक तिहाई सदस्यों की सहमति के साथ 14 दिन पहले देने का प्रावधान है। लेकिन विपक्ष ने ऐसा नोटिस मानसून सत्र की आखिरी बैठक में दिया, जो कि स्वीकार्य ही नहीं है। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र आज अनिश्चितकाल के लिए समाप्त हो जाएगा और ऐसे में इस नोटिस का कोई औचित्य ही नहीं रह जाता। 

Filed Under: शिमला, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, shimla hindi news

हिमाचल में करुणामूलक नौकरियों को लेकर बनेगी कमेटी, मुख्यमंत्री का ऐलान

August 6, 2021 by MBM News Network

शिमला, 06 अगस्त : हिमाचल प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों के आश्रितों को कर्मचारी की मृत्यु के बाद नौकरी के लंबित मामलों के निपटारे के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया जाएगा। ये कमेटी निर्धारित समय सीमा में करूणामूलक कर्मियों के लंबित मामलों के निराकरण कर अपनी सिफारिशें प्रदेश सरकार को भेजेगी।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान ये घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि करूणामूलक आधार पर ज्यादा से ज्यादा लोगों को राहत प्रदान करने के लिए कमेटी गठित होगी, जिसे समयबद्ध अपनी सिफारिशें सौंपनी होंगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने करुणामूलक आश्रितों के हितों को देखते हुए 7 मार्च 2019 को संशोधित नीति जारी की है। इसके तहत मृत्यु के दिन तक कर्मचारी के आश्रितों को नौकरी के लिए पात्र बनाया गया है। इससे पहले 50 साल की आयु तक ही जिन कर्मचारियों की मृत्यु होती थी, उनके आश्रितों को करुणामूलक आधार पर नौकरी मिलती थी। इससे ज्यादा आयु होने पर यदि किसी कर्मचारी की मृत्यु होती थी तो उनके परिजनों को नौकरी नहीं मिल पाती थी।

मुख्यमंत्री प्रश्नकाल के दौरान विधायक मुकेश अग्निहोत्री, प्रकाश राणा, इंद्रदत्त लखनपाल, पवन कुमार काजल और राम लाल ठाकुर के संयुक्त सवाल का जवाब दे रहे थे। विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने अनुपूरक सवाल किया कि लटकाने के लिए कमेटियां गठित की जाती है। उन्होंने जानना चाहा कि ये कमेटी समयबद्व अपनी सिफारिशें देंगी।

इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि निश्चित तौर पर करूणामूलक के लंबित मामलों को लंबा नहीं खींचा जाएगा तथा यह कमेटी समयबद्ध अपना काम करेगी।

Filed Under: मुख्य समाचार, शिमला, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, shimla hindi news

IAS राम सुभग सिंह ने संभाला हिमाचल के मुख्य सचिव का पदभार

August 5, 2021 by MBM News Network

शिमला, 05 अगस्त : राम सुभग सिंह ने वीरवार को यहां हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण किया। वह 1987 बैच के हिमाचल प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश और राज्य के बाहर कई महत्त्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है तथा विभिन्न विचारों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राम सुभग सिंह का जन्म 31 जुलाई 1963 को हुआ और उनके पास 34 वर्षों का समृद्ध प्रशासनिक अनुभव है।

पदभार ग्रहण करने के उपरांत राम सुभग सिंह ने इस उत्तरदायित्व के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्य सचिव के रूप में कार्य करते हुए उनकी प्राथमिकता सरकार के फ्लैगशिप कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाना होगा। वह सुनिश्चित करेंगे कि प्रदेश सरकार के कार्यक्रम और योजनाएं आम जन तक पहुंचे व विकास को और अधिक गति मिले। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री के आदेशों की अनुपालना में तत्परता लाकर इसकी प्रतिक्रिया से उनको समय-समय पर अवगत करवाते रहेंगे।

राम सुभग सिंह ने जून 1989 से जून 1990 तक सहायक आयुक्त के रूप में कार्य करते हुए ग्रामीण रोजगार, गरीबी उन्मूलन, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण आवास तथा मातृ एवं शिशु देखभाल जैसे विकासात्मक कार्यक्रमों के कार्यान्वयन में अपना बहुमूल्य योगदान दिया है। स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता से निवारण करने में उनका सीधा सरोकार रहा है। 1992 में एडीसी विकास एवं सीईओ जिला परिषद् का कार्यभार सम्भालते हुए उन्होंने सम्पूर्ण साक्षरता अभियान अक्षर धारा के क्रियान्वयन का कार्य आरम्भ किया, जिससे हज़ारों लोग लाभान्वित हुए। पांगी के रेजिडेंट कमिश्नर के रूप में उच्च शिक्षण संस्थानों, अनाथालयों और व्यावसायिक केंद्रों की स्थापना इनकी प्रमुख उपलब्धियां रहीं।

जिला मजिस्ट्रेट शिमला के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने देश में अपनी तरह के पहले गैर-बायोडिग्रेडेबल कचरा नियंत्रण अधिनियम का क्रियान्वयन किया। इस दौरान विकास कार्यों में सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए ग्रामीण युवाओं में कौशल विकास, किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती और सिंचाई की नई तकनीकों पर ज़ोर दिया गया।

अक्तूबर 1999 से जुलाई 2002 तक राम सुभग सिंह को केंद्रीय खाद्य मंत्री के सानिध्य में काम करने का मौका मिला। गरीबी रेखा से नीचे रहने वालों पर ध्यान केंद्रित करते हुए देश को खाद्य सुरक्षा प्रदान करना, मंत्रालय की प्रमुख जिम्मेदारी है। गरीब से गरीब व्यक्ति को राशन उपलब्ध करवाने के लिए अंत्योदय अन्न योजना आरम्भ की गई, जिसमें 50 मिलियन की आबादी शामिल थी।

अगस्त 2003 से अप्रैल 2005 तक रक्षा मंत्रालय में डायरेक्टर ऑर्डिनेंस एवं क्वार्टरिंग के रूप में काम करते हुए उन्होंने आयुध भंडार के कार्यों के निपटान में ई-नीलामी की शुरुआत की। आयुध भंडार के कम्प्यूटरीकरण के लिए 80 मिलियन डॉलर का एक विशाल प्रोजेक्ट तैयार किया गया। इस दौरान उन्हें एशिया पैसिफिक सेंटर फॉर सिक्योरिटी स्टडीज, हवाई (अमेरिका) में एक पाठ्यक्रम में भाग लेने के लिए नामांकित किया गया।

उन्होंने सितम्बर 2011 से नवम्बर 2014 तक रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव (नौसेना) के रूप में भी कार्य किया। इस अवधि के दौरान उन्होंने सरकार के साथ नौसेना और तटरक्षक बल के परिचालन मामलों के लिए सहज इंटरफेस सुनिश्चित किया और सामरिक बलों और सामरिक मामलों से संबंधित अत्यंत गोपनीय मामलों का समयबद्ध और विवेकपूर्ण संचालन सुनिश्चित बनाया।

मई 2005 से दिसम्बर 2006 तक उन्होंने विदेश राज्य मंत्री के निजी सचिव के तौर पर कार्य किया। इस दौरान ई-कनेक्टिविटी के लिए एक अभिनव परियोजना तैयार की गई। यह वह समय था, जब भारत ने जी-4 का हिस्सा रहते हुए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् और संयुक्त राष्ट्र सुधारों के विस्तार की पहल की थी। केन्द्रीय मंत्री इस पहल के प्रभारी थे और राम सुभग सिंह ने विभिन्न बहुपक्षीय बैठकों और आसियान क्षेत्रीय मंच के लिए केन्द्रीय मंत्री के सहयोगी रहे।

उप महानिदेशक क्षेत्रीय प्रमुख, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण यूआईडीएआई के उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए उन्होंने 2500 से अधिक नामांकन केंद्रों और इन केंद्रों को संचालित करने वाले ऑपरेटरों की निगरानी की। ऐसा माहौल निर्मित किया जिससे कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से कुशलतापूर्वक लक्षित लाभार्थियों तक पहुंचे।

उन्होंने आयुक्त पर्यटन, सचिव गृह, कृषि, बागवानी, सूचना एवं जन सम्पर्क के रूप में भी कार्य किया। मुख्य सचिव का पदभार संभालने से पूर्व राम सुभग सिंह 2018 से 2021 के दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग, ऊर्जा, वन, पर्यटन, परिवहन और शहरी विकास के रूप में कार्यरत थे। राम सुभग सिंह ने दो दर्जन से भी अधिक देशों की यात्रा की है। उन्हें वर्ष 1985 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सर्वश्रेष्ठ छात्र के रूप में कुलाधिपति का स्वर्ण पदक प्रदान किया गया था। उन्हें कारगिल युद्ध विधवाओं के पुनर्वास के उत्कृष्ट कार्यों के लिए भी सेना प्रमुख ने प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया है।

Filed Under: मुख्य समाचार, शिमला, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, shimla hindi news

हिमाचल में भूस्खलन से 218 सड़कें बंद, शिमला में एक व्यक्ति बहा

August 2, 2021 by MBM News Network

शिमला, 02 अगस्त : हिमाचल प्रदेश में मानसूनी बारिश का कहर जारी है। बरसात के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन से 218 सड़कें बंद हैं। शिमला में 87, मंडी में 70, कुल्लू में 33, हमीरपुर में आठ, कांगड़ा में सात, सिरमौर में पांच, चंबा में चार, लाहौल-स्पीति में तीन और उना में एक सड़क अवरूद्व है। इसके अलावा पानी की 46 स्कीमें प्रभावित रहीं। वहीं 14 मकानों, 8 घरों और एक दुकान भी क्षतिग्रस्त हुई।

सोमवार को शिमला में एक व्यक्ति की बहने से मृत्यु हुई । व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया है। मानसून सीजन के दौरान वर्षा जनित घटनाओं में अब तक 214 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार मानसूनी बारिश के कारण 110 मौतें सड़क हादसों में हुई हैं। भूस्खलन से 21, फलैश फलड व बादल फटने की घटनाओं में नौ, नदी-नालों में बहने व डूबने से 19, आगजनी में दो, सर्पदंश में सात, करंट लगने से चार, फिसलने व गिरने से 27 तथा अन्य कारणों से 14 लोगों की जान गई है।

इस बीच राजधानी शिमला सहित अधिकांश भागों में सोमवार को भी रूक-रूक कर बारिश का दौर चला। बीते 24 घंटों के दौरान पालमपुर में 30, बिजाई व नगरोटा सूरियां में 24-24, सियोबाग में 19, अंब में 18, नादौन में 17, धर्मपुर में 12, काहू में 10, सुजानपुर टीहरा में नौ मिली बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने एक सप्ताह तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। राज्य के मैदानी व मध्य पर्वतीय इलाकों में चार और पांच अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। विभाग ने इन क्षेत्रों में व्यापक बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने खराब मौसम के मददेनजर लोगों व पर्यटकों को नदी-नालों से दूरी बनाए रखने का परामर्श दिया है। उन्होंने कहा कि लाहौल-स्पीति एवं किन्नौर को छोड़कर शेष सभी 10 जिलों के कुछ स्थानों में चार व पांच अगस्त को भारी बारिश होने की आशंका है।

Filed Under: शिमला, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, shimla hindi news

  • Go to page 1
  • Go to page 2
  • Go to page 3
  • Interim pages omitted …
  • Go to page 11
  • Go to Next Page »

Copyright © 2022