शिमला, 14 अगस्त : हिमाचल प्रदेश पुलिस के एडीजी एसपी सिंह को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर राष्ट्रपति पुलिस पदक और डीआईजी मधू सूदन समेत तीन अन्य पुलिस अधिकारियों को पुलिस पदक से नवाजा जाएगा। केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जारी सूची के तहत एडीजी होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस सतिंदर पाल एसपी सिंह को उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रपति पुलिस मेडल प्रदान किया गया है।
वहीं डीआईजी सेंटर रेंज मंडी मधु सूदन, हमीरपुर के इंस्पेक्टर छोटा राम और मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात हेड कांस्टेबल भुपिंद्र कुमार को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक के लिए चुना गया है। हर वर्ष पुरस्कारों की घोषणा स्वतंत्रता दिवस के मौके पर की जाती है। बाद में सभी राज्य सरकार सादे एवं गरिमापूर्ण समारोह में आयोजित कर पदक प्रदान करती है। मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच में रविवार को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में पदक से सम्मानित किया जाएगा।
राष्ट्रपति पुलिस पद के लिए चुने गए एडीजी एसपी सिंह 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। एसपी सिंह छह माह पहले केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के बाद हिमाचल लौटे हैं। होमगार्ड का जिम्मा संभालने के बाद उन्होंने बेहतरीन कार्य किया है। वह तेजतर्रार अधिकारियों में शुमार हैं। इसके अलावा डीआइजी सेंटर रेंज मंडी मधु सूदन, हमीरपुर के इंस्पेक्टर छोटा राम और मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात हेड कांस्टेबल भुपिंद्र कुमार को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से नवाजा जाएगा।
मधू सूदन हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला से संबंध रखते हैं। वह 2006 बैच के आईपीएस हैं। वहीं इस सम्मान को हासिल करने वाले छोटा राम एकमात्र इंस्पेक्टर हैं। वह हमीरपुर जिला में तैनात हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और डीजीपी संजय कुंडू ने चारों पुलिस अधिकारियों को बधाई दी है।