शिमला, 11 दिसंबर : धर्मशाला में प्रदेश सरकार के व्यवस्था परिवर्तन का एक साल कार्यक्रम में न ही प्रियंका गांधी पंहुची और न ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे। हालांकि प्रियंका गांधी शिमला में हैं बावजूद इसके वह भी सुक्खू सरकार के समारोह में नही आई। वहीं कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे भी समारोह का हिस्सा नही बन पाए।
![](http://mbmnewsnetwork.com/wp-content/uploads/2023/12/Priyanka.jpg)
सुक्खू सरकार के इस राज्य स्तरीय आयोजन में दिल्ली से सिर्फ हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला और उप प्रभारी तजेंद्र बिट्टू ही बड़े नेता के रूप में धर्मशाला पंहुचे। पार्टी के किसी भी बड़े नेता के इस समारोह में ना पंहुचने से पार्टी कार्यकर्ताओं में बेशक मायूसी दिखी लेकिन बावजूद इसके रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। प्रियंका गांधी के इस समारोह में आने की पूरी संभावना थी।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने दिल्ली दौरे के दौरान प्रियंका सहित कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं को समारोह में सम्मिलत होने का निमंत्रण भी दिया था। प्रियंका गांधी एक दिन पहले शिमला के पास छराबड़ा में अपने आशियाने पहुंची थी। ऐसे में उनका समारोह में मौजूद रहने की पूरी उम्मीद थी। प्रियंका गांधी के हिमाचल प्रवास पर होने के बाद भी सरकार के समारोह में शिरकत न करने से कांग्रेसियों को हतप्रभ कर दिया है। इसके कई तरह के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।
राजनीतिक हलकों में चर्चा यह है कि हाल ही में तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में मिली पराजय के कारण प्रियंका गांधी ने सुक्खू सरकार के समारोह से किनारा किया।
यह भी चर्चा है कि सुक्खू सरकार महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए देने की गारंटी को पहले वर्ष पूरा नहीं कर पाई है। इससे प्रियंका गांधी नाखुश है। इस बीच कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के समारोह में न पहुंचने के मुद्दे को विपक्षी दल भाजपा ने भी खूब भुनाया। भाजपा नेताओं ने प्रदेश सरकार के विरोध जिला मुख्यालयों में आक्रोश रैलियों के जरिए प्रदर्शन किया।