सोलन (एमबीएम न्यूज) : प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने दावा किया है कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार पुन: रिपीट करेगी तथा वीरभद्र सिंह सातवीं बार हिमाचल के मुख्यमंत्री बनेंगे। विक्रमादित्य ने यह ऐलान शुक्रवार को कुनिहार में जनसभा को संबोधित करते हुए किया। कुनिहार पहुंचने पर विक्रमादित्य सिंह का राज्य पशु कल्याण बोर्ड के सदस्य राजेंद्र ठाकुर,राज्य लघु बचत बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रकाश करड़ व जिलाध्यक्ष राहुल सिंह ठाकुर व अन्य कार्यकर्ताओ ने फूल मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया।
कुनिहार में जनसभा को संबोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हिमाचल प्रदेश के सर्वमान्य नेता है। पिछले पौने चार साल के कार्यकाल में मुख्यमंत्री ने सभी वर्गों को राहत पहुंचाई है। प्रदेश में शिक्षा,स्वास्थ्य, कृषि एवं बागबानी के क्षेत्र में जबरदस्त कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल प्रदेश सरकार द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों को देख नहीं पा रहे हैं,यही वजह है कि भाजपाई नेता बौखलाहट में है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि युवा कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि सरकार के सभी जनहित व कल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाने के लिए सभी कांग्रेसजनों को तैयार होना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सभी वर्गों का ख्याल रखा है तथा उनकी प्रत्येक मांगों व समस्याओं का निराकरण किया है। उन्होंने सभी पार्टी कार्यकर्ताओ का आह्वान किया कि वे सभी एकजुटता के साथ कांग्रेस पार्टी को पुन: सत्ता में लाने के लिए कड़ा परिश्रम करें,ताकि प्रदेश में आगामी 2017 चुनावों में एक नया इतिहास रचा जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुन: कांग्रेस के पक्ष में लहर चल पड़ी है। उन्होंने केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 लोकसभा चुनाव में लोगों को बहलाकर छलावा किया है। चुनावों से पूर्व जो वायदे जनता के साथ किए गए थे उन्हें आज तक केंद्र सरकार पूरा नहीं कर पाई है। केंद्र सरकार गैरभाजपा शाषित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को सत्ता के दम पर डरा रही है। यही नहीं बल्कि केंद्रीय जाँच एजंसियों द्वारा माननीय मुख्यमंत्री को प्रताडि़त किया गया है।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रो.प्रेम कुमार धूमल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि धूमल को मुंगरी लाल के सपने लेना छोड़ दें। क्योंकि ये सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। उन्होंने प्रो.धूमल को सलाह देते हुए कहा कि वे प्रदेश में भाजपा में मची खलबली पर चिंता करे। विक्रमादित्य ने अर्की की राजनीति पर बोलते हुए कहा कि अर्की से कांग्रेस विधायक चाहिए तो सभी को एक मंच पर एकजुट होना पड़ेगा।
वहीं जनसभा को युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अफजल अहमद, राज्य लघु बचत बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रकाश करड, अर्की युंका के अध्यक्ष कपिल ठाकुर ने भी संबोधित किया। इस मौके पर महिला आयोग की चैयरमेन जैनब चंदेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल ठाकुर, युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव राकेश ठाकुर, शिमला संसदीय क्षेत्र के युवा कांग्रेस अध्यक्ष संजय ठाकुर, कुनिहार पंचायत के प्रधान अरुणा ठाकुर,जिला कांग्रेस व्यापार सेल के उपाध्यक्ष रूप सिंह ठाकुर, उपप्रधान देवेंद्र ठाकुर सहित सैंकड़ों लोग उपस्थित थे। इस मौके पर आयोजकों द्वारा अर्की विधानसभा के क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों, कर्मचारियों व अधिकारियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।