मंडी (वी. कुमार): प्रदेश की सरकार गरीबों और जरूरत मंदों के लिए कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार के तीन साल के कार्यकाल में सरकार की बहुत सारी कल्याण कारी योजनाएं जनता के लिए वरदान साबित हुई हैं। इसी के चलते अब इन कार्यों की जानकारी आमजन तक ज्यादा से ज्यादा पहुंचाई जाएंगी और हिमाचल में आने वाले लोक सभा के चुनावों में कांग्रेस फिर से सत्ता में आएगी। यह बात युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कही।
विक्रमादित्य मंडी में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बोल रहे थे। सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सेरी मंच पर 30 मई को एक राज्य स्तरीय महा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान को पंचायत सशक्तिकरण का नाम दिया गया है। मंडी में होने वाले सम्मेलन में प्रदेश भर से कांग्रेस के पदाधिकारी, बडे नेता और वार्ड पंचों, प्रधानों, उप प्रधानों, बीडीसी सदस्यों और जिला परिषद के सदस्यों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह शिरकत करेंगें, साथ ही युवा कांग्रेस के राष्ट्रिय अध्यक्ष भी कार्यक्रम में शिरकत कर कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की निति से अवगत करवाएंगें।
विक्रमादित्य से बीसीसीआई के नवनियुक्त अध्यक्ष द्वारा धर्मशाला में क्रिकेट अकादमी बनाने के लिए प्रदेश सरकार से मांगी गई 20 एकड जमीन के सवाल पर सिंह ने कहा और आश्वस्त किया कि अगर सारी प्रक्रिया कानून के तहत की जाती है तो युवा कांग्रेस जमीन के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार से इस बाबत सिफारिश भी करेगी।