मंडी (एमबीएम न्यूज़) : सराज से भाजपा से विधायक जय राम ठाकुर ने प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर विधानसभा में गलत जानकारी देने का आरोप लगाया है। जय राम ठाकुर शुक्रवार को मंडी जिला मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान बोल रहे थे। जय राम ठाकुर ने बताया कि विधानसभा में जब उन्होंने प्रश्न करके यह जानना चाहा कि सराज विधानसभा क्षेत्र में सरकार ने अपने तीन वर्षों के कार्यकाल में कितनी सड़कों का निर्माण किया है तो उसके उत्तर में उन्हें बताया गया कि 21 किलोमीटर नई सड़कें सराज विधानसभा क्षेत्र में तीन वर्षों के दौरान बनी है। जय राम ठाकुर को बनाई गई सड़कों के बारे में जानकारी दी गई है।
जय राम ठाकुर का कहना है कि जिन सड़कों की जानकारी दी गई है वह धरातल पर है ही नहीं और केवल मात्र 3 किलोमीटर सड़कों का निर्माण ही बीते तीन वर्षों के दौरान हुआ है। उन्होंने कहा कि अधिकतर सड़कें कागजों पर बनी हैं और चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए उनकी पेमेंट भी कर दी गई है। जय राम ठाकुर के अनुसार आज सराज विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग की मशीनरी दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में इस्तेमाल की जा रही है तो फिर ऐसे में सराज में सड़कों का निर्माण किस प्रकार से किया जा रहा है।
जय राम ठाकुर ने सराज से कांग्रेस के नेता एवं मिल्क फैड के चेयरमैन चेत राम ठाकुर पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह सीएम के नाम का दुरूपयोग करते हुए अपग्रेड किये गये स्कूलों में अपने नाम के फट्टे लगाने में लगे हुए हैं। जय राम ठाकुर ने कहा कि विकास के नाम पर कुछ भी नहीं किया जा रहा है और सिर्फ जनता को गुमराह करने के लिए उदघाटनों के फट्टे लगाये जा रहे हैं। जय राम ठाकुर ने कहा कि तीन वर्षों तक सराज विधानसभा क्षेत्र की जनता ने सबकुछ बर्दाशत कर लिया लेकिन अब इन सब बातों को बर्दाशत नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सराज के लोगों को कांग्रेस सरकार के विकास की झूठी सच्चाई से अवगत करवाना जरूरी हो गया है और इसके लिए पूरे हल्के में जनजागरण अभियान चलाया जायेगा।