बद्दी (एमबीएम न्यूज) : दून मंडल भाजपा ने क्षेत्र के एक नेता को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक रविवार को आयोजित बैठक में मंडल पदाधिकारी व दून से ताल्लुक रखने वाले जिला पदाधिकारी व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विनोद चंदेल के समक्ष बैठक हुई। बैठक में भाजपा से दो बार बागी होकर चुनाव लड़ चुके दर्शन सैनी को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी इसकी सूचना प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती व प्रतिपक्ष के नेता प्रेम कुमार धूमल तक भेजी जा चुकी है। बहरहाल इस बारे में जिलाध्यक्ष केएल ठाकुर व मंडलध्यक्ष कोई स्पष्ट बयान नहीं दे रहे हैं। विदित हो कि गत तीन सप्ताह पूर्व हुई बैठक में पंचायती राज चुनावों में पार्टी विरोधी कार्य करने पर यह गाज दर्शन सैनी पर गिरी है।
इसके अलावा पार्टी द्वारा आयोजित गतिविधियों जिनमें प्रमुख जेएनयू मामले को लेकर प्रदर्शन, कलराज मिश्र के कार्यक्रम में शामिल न होना, विधानसभा घेराव में नहीं जाना, चंडीगढ़ में आयोजित मोदी रैली में नहीं जाना, वीरभद्र हटाओ सरकार बचाओ रैली में भाग नहीं लेना कई मामले मिल हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया पर निजी पोस्ट के माध्यम से पार्टी का दुरुपयोग व अन्य पार्टी गतिविधियों में भाग नहीं लेने पर भाजपा नेता को मंडल ने निष्कासित कर दिया है।
सैनी दो बार पार्टी से कर चुके हैं बगावत
दून भाजपा को सैणी की बगावत के चलते एक बार हार का मुंह देखना पड़ा है, जिसके चलते अब दोबारा पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते पार्टी ने चुनावों से पहले ही बगावती तेवरों को समझते हुए बागी नेता को विकेट गिरा दिया है। जानकारी के मुताबिक दर्शन सैणी इससे पूर्व दो बार पार्टी से बगावत कर आजाद रूप से चुनाव लड़ चुके हैं। इसके बाद मंडल की सदस्यता के लिए उन्होंने आवेदन किया और नवंबर 2014 में पार्टी द्वारा निर्धारित शर्तों के तहत शामिल हुए, लेकिन पिछले कुछ समय से पार्टी विरोधी गतिविधियों व सोशल मीडिया के दुरुपयोग के चलते पार्टी ने आज दर्शण सैणी को पार्टी से चलता कर दिया गया।
पार्टी ने नेता की प्राथमिक सदस्यता रद्द करते हुए उसे पार्टी से बाहर कर दिया है। भविष्य में पार्टी के नाम का प्रयोग व बड़े नेताओं का चित्र इस्तेमाल करने पर पार्टी द्वारा कड़ा संज्ञान ले सकती है। पार्टी का मानना है कि मिशन 2017 में अगर पार्टी ने मिशन फतेह करना है तो पार्टी को एकसाथ मिलजुल कर चलना होगा। पार्टी में स्वयंभू नेता व पार्टी विरोधी गतिविधियां करने वाले नेताओं को कोई स्थान नहीं मिलेगा। रविवार को आयोजित बैठक में जिला, मंडल व प्रदेश कार्यकारिणी के करीब डेढ़ दर्जन कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दून भाजपा मंडल अध्यक्ष बलबीर ठाकुर व मीडिया प्रभारी तरसेम चौधरी और महामंत्री बलजीत नेगी ने कहा कि यह पार्टी का आंतरिक मामला है। पार्टी में उन लोगों को स्थान नहीं मिलेगा जो अपनी निजी राजनिति को चमकाने के लिए पार्टी के नाम का इस्तेमाल करते हैं।
उधर, भाजपा नेता दर्शन सिंह सैणी ने बताया कि उन्हें ऐसी कोई सूचना नहीं मिली है। वह पार्टी के सच्चे सिपाही है और पार्टी के हित में कार्य करते है। उन्होंने ऐसा कोई कार्य नहीं किया है जिससे पार्टी को कोई नुकसान हुआ है।