हमीरपुर (एमबीएम न्यूज) : भाजपा की परिवर्तन रथ यात्रा ने वीरवार को विधानसभा में पक्का भरो से प्रवेश किया। रथ पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रो0 प्रेम कुमार धूमल व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सत्तपाल सिंह सत्ती सहित भाजपा के दिग्गज नेता मौजूद रहे। पक्का भरो में महिला मोर्चा की सदस्यों के साथ मंडलाध्यक्ष बलदेव धीमान ने रथ का स्वागत किया। पक्का भरो में उपस्थित जनसमूह को पूर्व सीएम ने प्रदेश को आगे बढाने के लिए भाजपा को समर्थन देने और कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फैंकने का आह्वान करते हुए रथ को आगे बढ़ाया। रथ यात्रा विधानसभा के सत्तर मतदान केन्द्रों को छूती हुई विभिन्न कस्बों और गाँवों से गुजरी जहां पर जनता ने छतरियां तान कर ढ़ोल की थाप और नरसिम्हे के उदघोष पर जोश और उत्साह से रथ यात्रा का स्वागत किया।
रथ यात्रा पक्का भरो से शुरू होकर मटानी, खग्गल, कुस्वाढ़, नाल्टी, बगार्टी, चंगर, सेरबलोणी, बाड़ी-फरनौल, मस्याना, हाऊसिंग बोर्ड कालोनी, गांधी चौक, मुख्य बजार हमीरपुर, दोसड़का, बडू, बरोह, बोहनी, लंबलू, अमनेड व चमनेड से गुजरकर डिडवीं टिककर में जाकर रुकी। रास्ते में जगह – जगह स्थानीय वासियों ने रथ यात्रा का स्वागत किया। जब बारिश के बीच रथ भी बढता रहा और लोग भी भीगते हुए और कुछ छातों के नीचे रथ का स्वागत करने सड़कों पर खड़े थे, तो भाजपा दिग्गजों ने भी जगह – जगह रथ रोक कर जनता को संबोधित कर कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार, असफलताओं और माफिया राज का व्याख्यान कर जनता से इस भ्रष्ट सरकार और भ्रष्ट मुखिया को उखाड़ फैंक, भाजपा के नेतृतव वाली विकास करने वाली सरकार लाने की अपील करते रहे। भाजपा नेताओं ने लंब्लू और डिडवीं टिक्कर में जनसभाओं को संबोधित करते हए कहा कि इस भ्रष्ट सरकार का मुखिया बेल पर है और मुखिया के सहयोगी जेल में हैं।
हिमाचल जिसे देश देवभूमि और वीर भूमि के नाम से जाना जाता था। भ्रष्टाचारी मुख्यमंत्री के कारण कलंकित हो चुका है। जो प्रदेश अपने लोगों की इमानदारी के लिए जाना जाता था आज उसी प्रदेश का मुखिया भ्रष्टाचार के दलदल में फंसा है। मुखिया के संग उसके वजीर व चैयरमैन यहाँ तक की अधिकारी भी प्रदेश को लूटने खसूटने में लगे हुए हैं। दूसरी और केंद्र की एनडीए सरकार और प्रधानमंत्री मोदी हिमाचल को दिल खोल कर पैसा दे रहे हैं ताकि जो परिवर्तन की लहर पूरे देश में चल रही है वह हिमाचल में भी चले लेकिन कांग्रेस की सरकार इस पैसे को जानबूझ कर खर्च नहीं करके हिमाचलियों को मिलने वाली सुविधाओं से दूर कर रहे है।
परिवर्तन रथ यात्रा के दौरान जगह – जगह स्वागत के लिए खड़े लोगों और जनसभाओं को संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री प्रो0 प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि मेरा देश बदल रहा है, मेरा देश आगे बढ़ रहा है। क्यूंकि देश की बागडोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ में है और वह पूरे देश में विकास की गंगा बहा रहे हैं। लेकिन यह विकास की गंगा हिमाचल नहीं पहुँच पा रही । क्यूंकि प्रदेश में बैठी भ्रष्ट कांग्रेस सरकार उसे रोक रही है। प्रदेश को आगे बढाने के लिए परिवर्तन जरुरी है।। प्रो0 धूमल ने कहा की जिस प्रदेश की सरकार का मुखिया भ्रष्टाचार में संलिप्त हो। जिस प्रदेश में निकम्मी सरकार राज कर रही हो उस प्रदेश के हालात क्या हो सकते हैं यह हिमाचल वासी ही बता सकते हैं। हिमाचल की जनता त्रस्त हो चुकी है और इस भ्रष्ट सरकार को परिवर्तित करने के लिए समय का इंतजार कर रही है। प्रदेश की जनता ने शिमला नगर निगम के चुनावों में संकेत स्पष्ट कर दिया है। मोदी के बढ़ते क़दमों के साथ हिमाचल की जनता भी कदम से कदम मिला कर आगे बढऩा चाहती है।