मंडी, 10 सितंबर : महाराष्ट्र में शिव सेना के एक विधायक द्वारा मंडी की रहने वाली अभिनेत्री कंगना रनौत के बारे में टिप्पणी करने व उन्हें धमकी देने की भाजपा ने कड़ी निंदा की है। इस बारे में जिला भाजपा ने अन्य सहयोगी राजनीतिक, धार्मिक व सामाजिक संगठनों ने एकजुट हो कर मंडी शहर में एक रोष रैली निकाली। इंदिरा मार्किट का चक्कर काटती हुई यह रैली उपायुक्त कार्यालय के गेट के बाहर समाप्त हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कंगना रनौत के समर्थन में व महाराष्ट्र की उद्धव सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही स्लोगनों के माध्यम से अपना रोष दर्ज करवाया। भाजपा ने इस बारे में एक ज्ञापन उपायुक्त मंडी ऋग्वेद ठाकुर के माध्यम से भारत के राष्ट्रपति को भेजा। इस मांग पत्र में राष्ट्रपति से महाराष्ट्र की सरकार के खिलाफ कड़ी कार्रवाही करने की मांग उठाई है।
इसके साथ ही एक महिला के साथ इस प्रकार का निंदनिय कृत्य करने पर भी महाराष्ट्र की सरकार व उनके विधायक के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने की मांग की है। इसके साथ ही भाजपा ने प्रदेश की कांग्रेस से पूछा है कि उनके कुछ नेता कंगना पर भी अभद्र टिप्पणी कर रहे है। तो क्या हिमाचल की कांग्रेस अपनी बेटी के साथ है या फिर सोनिया या राहुल के साथ है। इस मौके पर सदर मंडल भाजपा के अध्यक्ष मनीष कपूर ने कहा कि हिमाचल की बेटी के साथ किसी भी राज्य की सरकार का रवैया अगर सही नहीं है। तो भाजपा उसकी निंदा करती है व आने वाले समय में कंगना रनौत के साथ हर हाल में कंधा से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने कहा कि मंडी की बेटी व बॉलीवुड की अभिनेत्री कंगना रनौत के साथ किसी भी प्रकार की नाइंसाफी को बरदास्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंडी कंगना के साथ उसके समर्थन में खड़ा है और आने वाले समय में भी साथ रहेगा।