मंडी: प्रशासन द्वारा आयोजित करवाए गए सामूहिक कन्या पूजन को लिम्का बुक ऑफ रेकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। प्रशासन को ईमेल के माध्यम से सूचना प्राप्त हो गई है। डीसी ऋग्वेद ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है, साथ ही जिलावासियों को इसके लिए बधाई भी दी है। बता दें कि इस वर्ष मंडी में आयोजित किए गए अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के दौरान 9 मार्च 2019 को “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” थीम के साथ ऐतिहासिक सेरी मंच पर 1008 कन्याओं का सामूहिक पूजन किया गया था। यह अपनी तरह से पहला और अनूठा प्रयास था। जिसके माध्यम से बेटियों के महत्व को दर्शाया गया।
प्रशासन की इस गतिविधि को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स-2020 में शामिल किया गया है। गौरतलब है कि इससे पहले बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान में शानदार काम के लिए प्रशासन को इसी साल दो बार राष्ट्रीय पुरस्कारों से भी नवाजा जा चुका है। डीसी ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि जिला में लैंगिक असंतुलन को दूर करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने के साथ-साथ लड़कियों की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, सम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए काम किया जा रहा है। इसके लिए स्त्री अभियान के माध्यम से महिला मंडलों, पंचायती राज संस्थानों व अन्य सामाजिक संस्थाओं का सहयोग लेकर पंचायतों-गांवों में अभियान छेड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि जिला में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान में एक नया आयाम जोड़ते हुए इसे पर्यावरण सुरक्षा से जोड़ कर बालिका गौरव उद्यान योजना शुरू की गई है। जिले की हर पंचायत में बेटियों के नाम पर उद्यान स्थापित करने की इस मुहिम में सामुदायिक भागीदारी बनाई गई है। डीसी मंडी ने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन प्रशासन की तरफ से जारी रहेंगे जिसमें बेटियों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।