सोलन (एमबीएम न्यूज़): जिला सोलन में सरकारी सीमेंट को गुप चुप तरीके से बेचने
का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में पुलिस थाना धर्मपुर ने गंभरपुल में निकट एक व्यक्ति के मकान से सरकारी सीमेंट के करीब 43 बैग बरामद करने में सफलता हासिल की है। रिहायशी मकान से बरामद किए गए सरकारी सीमेंट से यह बात स्पष्ट हो गई है कि जिला सोलन में सरकारी सीमेंट को गुपचुप तरीके से बेचा जा रहा है।
![Pattern of sand bags, Use for as background](https://mbmnewsnetwork.com/wp-content/uploads/2016/11/Cement-300x200.jpg)
जानकारी के मुताबिक सुबाथू पुलिस ने सरकार के विभिन्न निर्माण कार्यों में इस्तेमाल किए जाने वाले सरकारी सीमेंट को गुपचुप तरीके से बिक्री करने वाले लोगों के खिलाफ शिकंजा कसना आरंभ कर दिया है। पुलिस थाना धर्मपुर के मुख्य आरक्षी खेम सिंह को गुप्त मुखबर से सूचना मिली कि गंभरपुर निवासी जय सिंह पुत्र पंजाब सिंह गांव कुंडलु डाकघर हरिपुर तहसील व जिला सोलन अपने मकान में अवैध सीमेंट रखता है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च अभियान में जय सिंह निवासी गंभरपुल के मकान से सरकारी सीमेंट के 43 बैग बरामद किए।
मकान से बरामद किए गए सीमेंट में फॉर सेल एचपी गवनमेंट लिखा हुआ पाया गया। इससे स्पष्ट होता है कि बरामद किया गया सीमेंट सरकारी है। हालांकि पुलिस ने संबंधित व्यक्ति से सीमेंट के संबंध में कागजात प्रस्तुत करने के लिए कहा,लेकिन वह सीमेंट के संदर्भ में कोई भी कागजात पुलिस के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर पाया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी से पुलिस ये जानने का प्रयास कर रही है कि वह सरकारी सीमेंट को कहां से लाया है। मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया। उधर एएसपी सोलन मनमोहन सिंह ने मामले की पुष्टि की है।