चंबा (एमबीएम न्यूज): खड़ामुख-होली मार्ग ने मणिमहेश श्रद्धालुओं के कदम रोक दिए हैं। मार्ग पर वाहनों की आवाजाही 24 घंटे बाद भी बहाल नहीं हो पाई। मणिमहेश यात्रा पर होली वाया कलाह से आने वाले सैकड़ों श्रद्धालु मझदार में ही फंसे रहे। हैरत की बात यह है कि डेढ़ दिन बीतने के बाद भी लोक निर्माण विभाग उक्त मार्ग को बहाल नही कर पाया है, इस कारण स्थानीय लोगों व मणिमहेश जाने वाले श्रद्धालुओं में विभाग के प्रति गहरा रोष पनप गया है।
बुधवार शाम चार बजे ज्यूरा नामक स्थान भूस्खलन के कारण मलबा सडक़ पर आ गिरा था, इस कारण मार्ग वाहनों व राहगीरों के लिए बंद हो गया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग मार्ग को बहाल नहीं कर पाया है। इस कारण यहां पर घंटों वाहनों की आवाजाही बंद हो जा रही है। मणिमहेश श्रद्धालु होली वाया कलाह भी आ रहे हैं, लेकिन उन्हें दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
बुधवार देर रात को भी सडक़ पर यही स्थिति का सामना यात्रियों को करना पड़ा तो वीरवार रात को भी यात्री परेशान हुए। होली घाटी के वाया कलाह होकर भी सैकड़ों की तादाद में लोग डल झील की ओर रुख कर रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि जल्द ही मार्ग को बहाल किया जाए, ताकि लोगों को दिक्क्त का सामना न करना पड़े। मार्ग बंद होने के कारण दोनों तरफ से वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। कई स्थानीय वाहन भी 24 घंटे से फंसे हैं।
उधर, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता दौलत राम का कहना है कि जल्द ही मार्ग को बहाल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कर्मचारी मार्ग बहाली में जुटे हैं, जल्द ही यातायात सुचारू कर दिया जाएगा।