शिमला, 06 अप्रैल : हिमाचल प्रदेश की धड़कने बढ़ाने वाली मंडी हॉट सीट पर भाजपा प्रत्याशी बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत से मुकाबले के लिए कांग्रेस दमदार उम्मीदवार की तलाश में है। कांग्रेस इस सीट पर अपने सिटिंग एमएलए व कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह को उम्मीदवार बनाने की तैयारी में है। हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की समन्वय समिति की शनिवार को दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक हुई। मुख्यमंत्री सुक्खू और कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह समेत समिति के सदस्य इसमें मौजूद रहे। बाद में इन नेताओं की कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ हुई बैठक में विक्रमादित्य सिंह का नाम उभर कर सामने आया है।
अहम बात यह है कि कांग्रेस आलाकमान ने विक्रमादित्य सिंह को भी दिल्ली तलब किया है और मंडी लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाने को लेकर उनसे चर्चा हुई है। माना जा रहा है कि अगले हफ्ते नवरात्रों के दौरान कांग्रेस हिमाचल में अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेगी। विक्रमादित्य सिंह हाल ही में वह अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भी शामिल हुए थे। प्रदेश कांग्रेस ने उन्हें मंडी संसदीय क्षेत्र का चुनाव प्रभारी बनाया है। पिछले कुछ दिनों से वह मंडी का तूफानी दौरा कर अपने बयानों के जरिये कंगना पर निशाना साध रहे हैं।
हिमाचल की ताजा खबरों के लिए ज्वाइन करें हमारा WhatsApp चैनल
पार्टी सूत्रों के मुताबिक हाईकमान की नजर में कंगना रनौत के मुकाबले विक्रमादित्य सिंह मंडी संसदीय क्षेत्र में सबसे मजबूत उम्मीदवार है। जानकारी अनुसार कांग्रेस की ओर से करवाये गए एक सर्वे में भी विक्रमादित्य सिंह सशक्त उम्मीदवार पाए गए हैं। 35 साल के विक्रमादित्य सिंह को उतारकर कांग्रेस की नज़र युवा वोटर पर भी है। दरअसल, कंगना रनौत 37 साल की है और सेलिब्रिटी होने के चलते वह युवाओं में काफी लोकप्रिय है।
विक्रमादित्य सिंह पहले ही कह चुके हैं कि अगर उन्हें मंडी लोकसभा सीट से उतरने को हाईकमान कहेगा, तो वह चुनाव लड़ेंगे। दूसरी तरफ उनकी मां व मौजूदा सांसद प्रतिभा सिंह लोकसभा चुनाव लड़ने से इंकार कर चुकी है।
विक्रमादित्य सिंह के उम्मीदवार बनने से सेलिब्रिटी बनाम राजशाही में होगी चुनावी जंग
विक्रमादित्य सिंह अगर कांग्रेस की टिकट पर उतरते हैं, तो मंडी लोकसभा सीट पर चुनावी जंग बेहद रोचक हो जाएगी। पहली बार इस सीट पर सेलिब्रिटी बनाम राजशाही सियासी घराने में चुनावी मुकाबला होगा। कंगना रनौत बॉलीबुड में बड़ा नाम है। वह अपने कट्टर राष्ट्रवादी बयानों को लेकर सुर्खियों में रही है। वह आरएसएस की भी पसन्द हैं। हिमाचल प्रदेश में कंगना पहली ऐसी सेलिब्रिटी हैं, जो सियासत में अपनी किस्मत आजमाने उतरी हैं।
दूसरी तरह विक्रमादित्य सिंह रामपुर बुशहर राजशाही घराने से आते हैं। वह बुशहर रियासत के 123वां राजा हैं। जुलाई 2021 में पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के पार्थिव शरीर के सामने पद्म पैलेस में विक्रमादित्य सिंह का राज्याभिषेक हुआ था और उन्हें बुशहर रियासत का 123वां राजा चुना गया था। बुशहर रियासत भगवान कृष्ण की वंशावली से संबंधित मानी जाती है।
बता दें कि विक्रमादित्य सिंह शिमला ग्रामीण से दूसरी बार विधायक बने हैं। सुक्खू सरकार में उनके पास लोक निर्माण और शहरी विकास जैसे हैवीवेट विभाग हैं। विक्रमादित्य सिंह के सोशल मीडिया पर पोस्ट काफी चर्चा में रहते हैं। हर पोस्ट पर वह जय श्रीराम का उदघोष करते हैं।