शिमला, 27 मार्च : हिमाचल प्रदेश में पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में एक बार फिर बदलाव के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के कई भागों में बुधवार से 31 मार्च तक मौसम खराब रहने की संभावना है। राजधानी शिमला व आस-पास के भागों में सुबह से हल्की धूप खिलने के साथ बादल छाए हुए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मौसम वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि कुछ स्थानों पर बारिश जबकि मध्य व उच्च पर्वतीय स्थानों पर बारिश बर्फबारी की संभावना है। वहीं निचले और मैदानी भागों में भी बारिश के आसार हैं। इस दौरान कई स्थानों पर अधड़ चलने और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि तापमान में कुछ बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश के ऊना जिला में सर्वाधिक तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।