सुंदरनगर, 12 मार्च : हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जिस तरह से जनसभाओं में बयान दे रहे हैं। उससे पता चलता है कि वह अब अपनी हार स्वीकार कर चुके हैं और कभी भी वह मुख्यमंत्री के पद से हटाए जा सकते हैं। यह बात सोमवार को प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल ने कही।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू राज्यसभा चुनाव में मिली हार के बाद बौखलाहट में है और जनता द्वारा चुने हुए जनप्रतिनिधियों के बारे में भी अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। वह खुद भी जनता के द्वारा चुने गए हैं तो इसका मतलब क्या वह भी भेड़ है। इसके अलावा जनता के द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों को भी वह काले नाग की संज्ञा दे रहे हैं।
विधायक राकेश जम्वाल ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार कभी भी गिर सकती है। आज हालत यह है कि कांग्रेस के नेता मुख्यमंत्री की बात भी नहीं सुन रहे है और मुख्यमंत्री भाजपा को कोसने में लगे हुए है। मुख्यमंत्री के बयान दुर्भाग्यपूर्ण है।