सोलन, 04 मई : सोलन जिला के नालागढ़ में शनिवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने आर्थिक तंगी के बावजूद 1.36 लाख सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में अपने चुनावी वादे को पूरा करते हुए पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल कर लाखों सरकारी कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित किया है। आज 4 हजार से ज्यादा कर्मचारी पुरानी पेंशन स्कीम का लाभ ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एनपीएस के 9000 करोड़ रुपए अभी भी केंद्र सरकार के पास फंसे हैं, जिसे वापस पाने के लिए लड़ाई लड़ी जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने चार प्रतिशत महंगाई भत्ता भी सरकारी कर्मचारियों को दे दिया है। भाजपा पर हमला बोलते हुए ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जनता के वोट से जब भाजपा सरकार बनाने में कामयाब नहीं हुई, तो उसे पैसों के दम पर हथियाने का प्रयास किया, लेकिन भाजपा के मंसूबे पूरे नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पूरी तरह से स्थिर है और अपना पांच वर्ष का कार्यकाल अवश्य पूरा करेगी। जयराम ठाकुर मुख्यमंत्री बनने के लिए मुंगेरीलाल के सपने देख रहे हैं, जो कभी पूरे नहीं होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पेंसेंजर और गुड्स टैक्स पर लगी पेनल्टी और ब्याज को माफ़ कर 1.60 लाख ट्रक ऑपरेटरों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में इन गुड्स कैरियर ऑपरेटर्स को नुकसान उठाना पड़ा था, जिसे देखते हुए राज्य सरकार ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाया। उन्होंने कहा कि वह एक साधारण परिवार से निकलकर मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे हैं और ग्यारहवीं कक्षा से अपना राजनीतिक जीवन शुरू किया है। उन्होंने कहा कि 40 वर्ष के राजनीतिक जीवन में उन्होंने कभी भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। इसलिए मुख्यमंत्री बनने के बाद सिर्फ जनसेवा करना एकमात्र उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शराब के ठेकों की नीलामी से 850 करोड़ रुपए की अतिरिक्त आय प्राप्त की है।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने राजस्व कानूनों में बदलाव किया और राजस्व लोक अदालतों का प्रदेश भर में आयोजन किया। उन्होंने कहा कि इन राजस्व लोक अदालतों में एक लाख से अधिक इंतकाल और साढ़े सात हजार से अधिक तकसीम के मामले निपटाए गए हैं। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, कांग्रेस पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी और कसौली से विधायक विनोद सुल्तानपुरी, कांग्रेस नेता बाबा हरदीप सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिव कुमार शर्मा सहित पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।