शिमला, 02 जनवरी : लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने राज्य सरकार की रिक्विजिशन पर ली गई आयुर्वेद मेडिकल ऑफिसर की भर्ती परीक्षा का रिजल्ट 23 सितंबर 2023 को घोषित किया था। रिजल्ट को आए 100 दिन पूरे हो गए हैं, लेकिन अभी भी आयुर्वेद मेडिकल ऑफिसर को पोस्टिंग नहीं मिल पाई है। ये सभी नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं।
राज्य सरकार के आदेश के बाद लोक सेवा आयोग ने 168 पदों के लिए यह भर्ती की थी, लेकिन 140 उम्मीदवार ही पास घोषित किए गए। 12 मार्च 2023 को इस परीक्षा का स्क्रीनिंग टेस्ट हुआ था। दरअसल, राज्य सरकार के अलग-अलग विभागों में भर्ती एजेंसियों के माध्यम से घोषित किए गए तीन रिजल्ट के बाद अब नियुक्ति के लिए इंतजार हो रहा है। सबसे पहले 23 सितंबर 2023 को लोक सेवा आयोग से 140 आयुर्वेद मेडिकल ऑफिसर का रिजल्ट निकला था।
आयुर्वेद विभाग का कहना है कि करीब 20 से ज्यादा अभ्यर्थियों ने जॉइनिंग में एक्सटेंशन के लिए अप्लाई किया है, क्योंकि यह पीजी कर रहे हैं। इस पर राज्य सरकार को फैसला लेना है। इसके बाद 10 नवंबर 2023 को बिजली बोर्ड इलेक्ट्रिशियन का रिजल्ट निकला था, जिसमें 112 अभ्यर्थी पास हुए थे। इन्हें भी अभी तक नियुक्ति नहीं मिली। इलेक्ट्रीशियन भर्ती के लिए 9 अक्टूबर 2022 को रिटन टेस्ट हुआ था। एक साल से भी ज्यादा समय के बाद 10 नवंबर 2023 को यह रिजल्ट निकला। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के बाद फाइल नियुक्ति की अनुमति के लिए सरकार को भेजी गई है।