शिमला, 20 सितंबर : हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में अब ऑनलाइन प्लेसमेंट से संबंधित जानकारियां मिलेगी। इसके लिए विवि ने तैयारियां शुरू कर दी है। छात्रों को सुविधाएं देने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन प्लेसमेंट पोर्टल तैयार कर रहा है। जिसका अभी ट्रायल किया जा रहा है। इस पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के किसी भी कोने में पढ़ रहे छात्र प्लेसमेंट से जुड़ी हर जानकारी जुटा पाएंगे तथा विभिन्न प्लेसमेंट ड्राइव में हिस्सा ले पाएंगे।
सरकार द्वारा नई शिक्षा नीति अपनाए जाने के बाद विवि इसे लागू करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। विवि ने सेंट्रल प्लेसमेंट सेल में 2022 में प्लेसमेंट ऑफिसर की नियुक्ति की गई, जिसके बाद सेल ने कई प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की।
शुरूआत में प्लेसमेंट सेल के द्वारा केवल युआईआईटी, एमबीए और एमसीए के छात्रों की प्लेसमेंट होती थी। अब विवि ने सभी विभागों के लिए प्लेसमेंट इंचार्ज नियुक्त करना अनिवार्य कर दिया गया है। जिनका काम अपने विभाग के छात्रों को प्लेसमेंट से संबंधित सभी जानकारियां प्रदान करना होगा।
हजारों छात्रों को मिल रही सुविधा… हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में पढने वाले हजारों छात्र प्लेसमेंट के जरिए विभिन्न जगहों पर जा रहे है और अपने हुनर के द्वारा नौकरियां हासिल कर रहे हैं। विवि में हर साल युआईआईटी (UIIT) व एमबीए (MBA) विभाग के 70 से 80 फीसदी छात्रों को प्लेसमेंट के द्वारा चयनित किया जाता है। प्लेसमेंट इंचार्ज डॉ. रमेश ठाकुर ने बताया कि विवि ने पोर्टल डिजाइन कर दिया है, जिसका परीक्षण किया जा रहा है। यदि सब कुछ ठीक रहा तो पोर्टल जल्द लॉन्च कर दिया जाएगा।