मंडी, 13 जून : संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले कुल्लू में भारतीय जनता पार्टी की 14 जून को एक रैली प्रस्तावित है। इस रैली को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा संबोधित करने वाले हैं। ऐसे में इन दिनों का भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तीन दिवसीय हिमाचल दौरे पर हैं।
दौरे के दूसरे दिन जेपी नड्डा ने अपने गृह जिला बिलासपुर में दोपहर को भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन बैठक में भाग लिया। वहीं शाम को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मंडी पहुंचे। कुल्लू रवाना होने से पूर्व जेपी नड्डा थोड़ी देर मंडी में रुके व कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर चर्चा की। इस मौके पर उन्होंने जहां कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ाया, वहीं 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं से कमर कसने की भी अपील की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के संपर्क से समर्थन कार्यक्रम के तहत वरिष्ठ पत्रकारों, बुद्धिजीवियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हेलीकॉप्टर के माध्यम से कुल्लू रवाना हो गए। इससे पूर्व कंगनीधार हेलीपैड पर नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने साथी विधायकों के साथ मंडी पहुंचने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का जोरदार स्वागत किया। उनके साथ इस दौरान भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं हिमाचल प्रभारी सौदान सिंह, भाजपा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, महामंत्री राकेश जंबाल, विधायक अनिल शर्मा, विनोद कुमार, इंद्र सिंह गांधी, दलीप ठाकुर, दीप कुमार, पूर्ण चंद सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
बता दें कि 2024 में लोकसभा के चुनाव होना निश्चित है और ऐसे में भारतीय जनता पार्टी ने 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। हिमाचल में भाजपा के द्वारा लोकसभा चुनावों से पूर्व चारों संसदीय क्षेत्रों में महारैलियां की जाएंगी। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र की रैली बीती 12 जून को कांगड़ा के नूरपुर में आयोजित की गई। वहीं मंडी संसदीय क्षेत्र की रैली कुल्लू के ढालपुर मैदान में प्रस्तावित है।