शिमला, 24 अप्रैल : नगर निगम शिमला का चुनावी घमासान चरम की ओर बढ़ रहा है। विपक्षी पार्टी भाजपा ने नगर निगम शिमला को लेकर दृष्टि पत्र जारी कर दिया है। जिसमें 21 घोषणाएं की गई है, जबकि सत्ता दल कांग्रेस मंगलवार को अपना घोषणा पत्र जारी करने जा रही है। उससे पहले भाजपा द्वारा जारी किए गए दृष्टि पत्र पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 में जो संकल्प पत्र भाजपा ने जारी किया था वह अब 2023 में दृष्टिपत्र हो गया है। बाकी कुछ भी नहीं बदला है।
नरेश चौहान ने कहा कि भाजपा ने जो दृष्टि पत्र जारी किया वह 2017 में जारी किए घोषणा पत्र की कार्बन कॉपी है। भाजपा अपनी सरकार के कार्यकाल के दौरान जनता से किए वादों को पूरा नहीं कर पाई। अब झूठी घोषणाएं कर जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। भाजपा सरकार के दौरान स्मार्ट सिटी के पैसे का जमकर दुरुपयोग किया गया।
भाजपा ने नगर निगम में रहते नए TAX लगाए, पानी के बिल बढ़ाएं। लेकिन अब लोगों को 40000 लीटर निशुल्क पानी और टैक्सों को कम करने की बात कर रही है जो कोरी झूठी घोषणाएं हैं। जनता सरकार के साथ है और नगर निगम शिमला में भी कांग्रेस पार्टी ही जीत दर्ज करेगी। स्मार्ट सिटी में हुए धन के दुरुपयोग को लेकर जांच की जाएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की नियुक्ति पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस अध्यक्ष को 3 साल पहले जिन परिस्थितियों में हटाया गया उनको दोबारा अध्यक्ष बनाने के पीछे भाजपा की क्या मजबूरी है, इसको लेकर पार्टी जवाब दें। कांग्रेस द्वारा विधानसभा में दी गई 10 गारंटी को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर नरेश चौहान ने कहा कि सुक्खू सरकार सभी गारंटीयों को चरणबद्ध तरीके से 4 साल में पूरा करेगी।