मंडी, 22 अप्रैल : सदर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा का कहना है कि सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू उनके स्व. पिता पंडित सुखराम के मार्गदर्शन पर चल रहे हैं।
भाजपा विधायक अनिल शर्मा शनिवार को मंडी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। लंबे समय के बाद पत्रकारों से मुखातिब अनिल शर्मा ने इशारों ही इशारों में विरोधियों पर कई निशाने साधे। उन्होंने कहा कि आए दिन यह कहा जाता है कि उनके और सीएम सुक्खू के बीच अच्छे रिश्ते हैं, इसका कारण यह है कि सुक्खू स्व. पंडित सुखराम के मार्गदर्शन पर चल रहे हैं। हालांकि मौजूदा समय में हम अलग-अलग राजनीतिक दलों में हैं, लेकिन अच्छे रिश्तों का इस्तेमाल मंडी सदर के विकास के लिए जरूर करूंगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में सिर्फ ऐसा होता रहा कि योजनाएं वो बना रहे थे लेकिन क्रेडिट कोई और ही ले गया।
अनिल शर्मा ने कहा कि उन्होंने कभी भी डर कर राजनीति नहीं की है ,खुल बोलने का साहस रखते है। कुछ लोग उनकी जीत को पचा नहीं पा रहे हैं और हारने के बाद भी सिर्फ तबादलों के काम में ही जुटे हुए हैं। शर्मा ने कहा कि अगर मैं चार साल घर पर सोए रहने के बाद भी भारी मतों से जीतकर विधानसभा पहुंचा हूं तो इसका मतलब यही है कि उनके परिवार ने जनता के लिए कुछ न कुछ जरूर किया है।
पूर्व की सरकार में राजनीतिक कारणों से चार वर्षों तक कुछ कह और कर नहीं पाया, शायद यही कारण है कि विकास में कमी रह गई, लेकिन अब इस कमी को पूरा किया जाएगा।