नाहन (एमबीएम न्यूज): योग साधन आश्रम द्वारा श्री जगन्नाथ मंदिर में दो दिवसीय व्यास पूजा के वार्षिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दो दिवसीय कार्यक्रम में शहरवासियों के लिए विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया।
इस दौरान योग साधन आश्रम होशियारपुर(पंजाब) से आए चंद्र जी द्वारा प्रात: दो दिन तक रोजाना 6 से 8 बजे तक योग प्रशिक्षण दिया गया। उनके द्वारा बेहद प्रभावी आसनों जलनेति, वमन, प्राणायाम, कपाल भाति, सर्वाेत्तान, स्कन्धचालन, सर्प आसन, भुजा चक्र, कटिचालन, दूध नेति आदि द्वारा रोगमुक्त जीवन के सूत्र भी बताए गए। साथ ही लोगों ने अपनी व्यक्तिगत समस्याओं के निवारण हेतु प्रश्र भी पूछे।
इसके पश्चात आरती, प्रवचन एवं महादिव्य रामायण पाठ हुआ। सांय साढ़े 4 बजे से 5 बजे तक योग आसनों का प्रदर्शन किया गया। सांय 7 से साढ़े 8 बजे तक आरती एवं प्रवचन के कार्यक्रम हुए। बुधवार को कार्यकम का समापन प्रीतिभोज के साथ हुआ।
योग साधन आश्रम नाहन के संचालक पंडित देवीसहाय शास्त्री ने बताया कि इस तरह के योग शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि योग की यह प्रणाली बेहद अदभुत व दिव्य है। उन्होंने कहा कि योग की रोजाना योग क्रियाएं निशुल्क सिखाई जाती हैं, जिसके लिए उनसे संपर्क किया जा सकता है।
प्रशिक्षण शिविर में प्रवीण अग्रवाल, राजीव गुप्ता, राजेश सैनी व हरीश शर्मा आदि ने भी अपना सहयोग दिया।