शिमला, 24 मार्च : मानहानि के मामले में सूरत कोर्ट से राहुल गांधी को दो साल की सजा के बाद लोकसभा सचिवालय ने उनकी सदस्यता रद्द कर दी है। देश भर में कांग्रेस पार्टी इसका विरोध कर रही है। हिमाचल कांग्रेस (Himachal Congress) में भी राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की सदस्यता रद्द किए जाने के खिलाफ नेता आवाज बुलंद कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह (Vikramaditya Singh) ने राहुल गांधी की सदस्यता को रद्द करने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है और लोकतंत्र की हत्या करार दिया है।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि नए-नए नुस्खे लाकर बीजेपी राहुल गांधी को परेशान करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि एक ऐसे व्यक्ति ने राहुल गांधी पर मुकदमा दर्ज करवाया, जिस पर राहुल गांधी ने टिप्पणी नहीं की थी। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि लोकसभा सचिवालय को सदस्यता रद्द करने में इतनी जल्दी नहीं दिखानी चाहिए थी, क्योंकि सूरत कोर्ट की तरफ से भी राहुल गांधी को 30 दिन का समय दिया गया है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राहुल गांधी की सदस्यता को रद्द करना दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन पूरी कांग्रेस पार्टी उनके साथ चट्टान की तरह खड़ी हुई है। अदानी मामले से देश की जनता का ध्यान हटाने के लिए भाजपा ने इस तरह का षड्यंत्र रचा है, ताकि सच सामने न आए। कांग्रेस पार्टी इसका विरोध करती है और गांधी परिवार के साथ पूरा देश खड़ा है।