शिमला, 21 मार्च : जनपद के चौपाल उपमंडल के बोधना से संबंध रखने वाले नन्हें बालक द्रोण चंदेल को राजधानी में “बेटियां स्माइल अवार्ड” (Betiyan Smile Award) से नवाजा गया है। हिमाचल एकता मंच (Himachal Ekta Manch) द्वारा बेटियां फाउंडेशन के सहयोग से राज्य स्तरीय बेटियां स्माइल अवार्ड कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सांसद व बीजेपी अध्यक्ष सुरेश कश्यप के हाथों “बेटियां स्माइल अवार्ड 2023” से नवाजा गया।
इसी के तहत चौपाल से संबंध रखने वाले प्रतिभा के धनी नन्हें द्रोण चंदेल को भी अवार्ड दिया गया। बता दें कि राजधानी के सैंट एडवर्ड स्कूल का द्रोण बाल कलाकार है। कैसियो, सिंगिंग व एक्टिंग के हुनर के साथ बेहतरीन ड्रमर भी है।
इस समारोह में भाग लेने वाला द्रोण प्रदेश का सबसे कम उम्र का बालक रहा। द्रोण ने न केवल माता-पिता, स्कूल बल्कि प्रदेश को गौरवान्वित किया है। द्रोण के पिता धर्मेंद्र चंदेल ने बेटे को सम्मान देने पर हिमाचल एकता मंच के चेयरमैन दीप लाल भारद्वाज व बेटिया फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. ज्योत्सना जैन का आभार प्रकट किया है।
ये हैं द्रोण की उपलब्धियां…
द्रोण चंदेल देश के सबसे कम उम्र के ड्रमर है। द्रोण ने ये सफलता 6 वर्ष में ही हासिल कर ली थी। द्रोण ड्रम के साथ-साथ केसियो, एक्टिंग व सिंगिंग भी करते हैं। द्रोण अब तक 26 स्टेज परफॉर्मेंस, 2 शॉर्ट फिल्म, एक बेव सीरीज, एक विडियो सांग में अभिनय कर चुके हैं। हाल ही में अपनी जीवनी पर गाया गीत “मेरी कहानी” चर्चित हुआ था।
द्रोण चंदेल बॉलीवुड के प्रसिद्ध फिल्म डायरेक्टर नभ कुमार राजू की एकेडमी बालीवुड अभिनय से एक्टिंग की बारीकियां सीख रहे है। द्रोण चंदेल को पिछले वर्ष “हिमाचल आईकन” अवार्ड से भी सम्मानित किया गया था। द्रोण चंदेल ने कोरोना महामारी में अपनी कला के माध्यम से प्रदेश व देश के लोगो को जागरूक किया। इसके लिए द्रोण को कई संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
10 वर्षीय बालक को कोरोना काल में अपनी कला के माध्यम से लोगों को जागरूक करने के लिए ‘‘इंडियन हीरो अवार्ड’’ (Indian Hero Award) से भी अलंकृत किया जा चुका है।