शिमला, 24 फरवरी : वल्र्ड बैंक के अध्यक्ष के पद पर अजय पाल सिंह बंगा की ताजपोशी से राजधानी के सैंट एडवर्ड स्कूल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरव हासिल हुआ है। 10 नवंबर 1959 को पूना के सैन्य क्षेत्र में जन्में अजय पाल सिंह बंगा ने शिमला के प्रतिष्ठित सैंट एडवर्ड स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण की है।
चूंकि पिता सैन्य अधिकारी थे, लिहाजा वर्ल्ड बैंक के अध्यक्ष अजय पाल सिंह बंगा भी पिता के स्थानांतरण के साथ मूव करते रहे। सैंट एडवर्ड स्कूल के अलावा उन्होंने हैदराबाद पब्लिक स्कूल से भी पढ़ाई की है। दिल्ली के सैंट स्टीफन काॅलेज से ग्रैजुएशन के बाद आईआईएम अहमदाबाद से एमबीए की शिक्षा प्राप्त की।

भारतीय मूल के अजय बंगा की काबलियत की चमक दुनिया भर में बिखरने से पहाड़ी प्रदेश भी गौरवान्वित महसूस कर रहा है। बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रीय जो बिडन ने अजय पाल सिंह बंगा को वल्र्ड बैंक ग्रुप के अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया था।
पंजाब के जालंधर के रहने वाले परिवार ने दुनिया भर में देश का नाम रोशन किया है। उल्लेखनीय है कि वल्र्ड बैंक अध्यक्ष के पिता हरभजन सिंह बंगा भारतीय सेना के सर्वोच्च पद लेफ्टिनेंट जनरल के पद से रिटायर हुए थे। छोटा भाई एमएस बंगा कारोबारी है। 1981 में नेस्ले से कैरियर शुरू करने वाले अजय पाल सिंह बंगा ने 2023 तक लगातार एक के बाद एक सफलता अर्जित की।
विश्व बैंक विशिष्ट संस्था है। इसका मुख्य उद्देश्य राष्ट्रों को पुनर्निमाण व विकास के कार्यों में आर्थिक मदद देना है। इसका मुख्यालय वांशिगटन में हैं। वल्र्ड बैंक समूह की स्थापना 1944 में की गई थी।