शिमला, 22 फरवरी : मंडी की अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या में अल्लाह हू अकबर कव्वाली गाए जाने को लेकर हिमाचल में बवाल शुरू हो गया है। विपक्षी भाजपा ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा है कि शिवरात्रि महोत्सव पर इस तरह की कव्वाली का आयोजन होना हिमाचल प्रदेश की देव संस्कृति और हिंदुत्व का अपमान है। कांग्रेस सरकार को शिवरात्रि की सांस्कृतिक संध्या में इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन करवाने से पहले सोच लेना चाहिए था।

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि वे कलाकारों का सम्मान करते हैं, लेकिन शिवरात्रि महोत्सव देव परंपराओं के लिए समर्पित रहता है। वहां पर इस तरह की कव्वाली का आयोजन नहीं होना चाहिए था। सांस्कृतिक संध्या में “अल्लाह हू” अकबर की कव्वाली का आयोजन होना हिंदू और देव समाज को ठेस पहुंचाने वाला कार्य है।
वहीं, दूसरी तरफ पूरे प्रकरण को लेकर कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष व मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सोच बिल्कुल साफ है। कांग्रेस पार्टी धर्मनिरपेक्ष समाज में विश्वास रखती है, जहां पर सभी धर्मों के लोगों का सम्मान किया जाता है। भाजपा के लोगों में उनकी सोच दिखती है, जो समाज के हित में नहीं है।