रिकांगपिओ, 22 जनवरी : कैबिनेट मंत्री बनने के बाद अपने गृह जिला में आने पर बागवानी, राजस्व व जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी का पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रवेश द्वार चौरा में भव्य स्वागत किया। नेगी के स्वागत के लिए जगह-जगह तोरण द्वार लगा कर किन्नौरी वाद्य यंत्र ढोल-नगाड़े बजा कर मंत्री का स्वागत किया गया।
भावानगर में स्वागत समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार जनजातीय क्षेत्रों को विकास के मामले में नंबर वन बनाएगी।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में जनजातीय क्षेत्र के साथ विकास के मामले में पक्षपात हुआ था। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की कायाकल्प होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की 10 गारंटियों पर कार्य जारी है और सभी को चरणबद्ध तरीके से पूरा भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने पहली ही कैबिनेट बैठक में ओपीएस को मंजूरी दी है। कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देने के लिए साधन जुटाए जा रहे है।
प्रदेश की पात्र महिलाओं को 1500 प्रति माह मुहैया करवाने के लिए भी सब कमेटी बनाई गई है, जो 30 दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को प्रस्तुत करेगी। इसके अतिरिक्त, प्रदेश की जनता को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को नौ-तोड़ का अधिकार दिलाना भी प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश को फल राज्य में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, सेब का उचित मूल्य तथा गुणवत्ता को बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। नेगी ने कहा कि किन्नौर के लोगों की समस्याओं को तेजी से समाप्त किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किन्नौर जिला को शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुदृढ़ किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार को समाप्त किया जाएगा। इसी दिशा में ऑनलाइन रजिस्ट्री प्रणाली विकसित करने के भी प्रयास किए जाएँगे।