सुंदरनगर, 14 जनवरी : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री बनने के बाद शनिवार को पहली बार मंडी जिला पहुंच रहे है। जिला के तहत करसोग के विश्व प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन स्थल तत्तापानी में CM सुखविंदर सिंह सुक्खू जिला स्तरीय मकर संक्रांति मेले की अध्यक्षता करेंगे।
दोपहर बाद 2.30 बजे तत्तापानी पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां पहुंचने पर मुख्यमंत्री कोल (लोकल रौंगी) और माश की खिचड़ी का प्रसाद चखेंगे। खिचड़ी NGO की ओर से बनाई जा रही है। ये NGO पिछले 93 साल से तत्तापानी में खिचड़ी के महादान की परंपरा को निभा रहा है।
हिंदू मान्यताओं के अनुसार मकर संक्रांति पर अन्न और वस्त्र दान का विशेष महत्व बताया गया है। तत्तापानी में मुख्यमंत्री का आधिकारिक तौर पर कार्यक्रम तय होने के बाद एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर सहित मेला कमेटी के सदस्यों ने खिचड़ी बनाने की तैयारियों का भी जायजा लिया। यहां सीएम सहित प्रदेश और बाहरी राज्य से आने वाले हजारों की संख्या में श्रद्धालु मकर संक्रांति में बनाई जाने वाली खिचड़ी का प्रसाद चखेंगे।
CM जनसभा को करेंगे संबोधित
CM बनने के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू का जिला मंडी के किसी भी क्षेत्र का ये पहला कार्यक्रम है। इस अवसर पर सुखविंदर सिंह सुक्खू तत्तापानी के मेला ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर बाद 2.30 बजे तत्तापानी पहुंचेंगे। यहां सबसे पहले CM खिचड़ी का प्रसाद चखेंगे। इसके बाद वे जिला स्तरीय मकर संक्रांति मेले की अध्यक्षता करते हुए जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां से 4.30 बजे उनका वापस शिमला लौटने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से शाम 6 बजे शिमला पहुंचेंगे।
पहली बार CM बने सुक्खू का होगा जोरदार स्वागत
पहली बार मुख्यमंत्री बने सुखविंदर सिंह सुक्खू का तत्तापानी पहुंचने पर भव्य स्वागत होगा। इसके लिए मेला कमेटी सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने तैयारियां पूरी कर ली है। प्रदेश में ओल्ड पेंशन की बहाली को देखते हुए बड़ी संख्या में कर्मचारी भी मुख्यमंत्री के स्वागत करेंगे। मुख्यमंत्री का तत्तापानी आने का कार्यक्रम तय होते ही मेला कमेटी ने अभी अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों को निमंत्रण भेजा है।