ऊना, 07 नवंबर : कांग्रेस की परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली का आयोजन सोमवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के कांगड़ में किया गया। इस मौके पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने विशेष वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने जनसभा के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर निशाने साधे। प्रियंका गांधी ने कहा कि मौजूदा प्रदेश और केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। रोजगार उपलब्ध करवाने के वायदे से सत्ता में आई भाजपा बेरोजगारों की फौज को बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन स्कीम जब कांग्रेस शासित राज्यों में लागू की जा सकती है तो फिर भाजपा शासित राज्यों में इसे क्यों लागू नहीं किया जा रहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि देश और प्रदेश की डबल इंजन सरकारों का सारा तेल पूंजी पतियों के इंजन में चला गया है। जिसके चलते डबल इंजन पूरी तरह हांफ चुका है। प्रियंका गांधी ने प्रदेश सरकार पर घोटाले करने के आरोप भी मंच से लगाए। जिला ऊना में भाजपा के स्टार प्रचारकों के लगातार बढ़ते दौरों के बाद कांग्रेस ने भी अपनी मुख्य स्टार प्रचारक कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के लिए जिला ऊना में चुनावी जनसभा का आयोजन किया। कांग्रेस पार्टी की परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए प्रियंका गांधी सोमवार को जिला ऊना के हरोली विधानसभा क्षेत्र के कांगड़ में पहुंची।
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के गृह विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कांग्रेस की जनसभा में छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला और नेता प्रतिपक्ष मुकेश के साथ जिला ऊना के अन्य चारों विधानसभा सीटों से कांग्रेस के प्रत्याशी भी मौजूद रहे। जनसभा स्थल पर पहुंचते ही कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी का गर्मजोशी से स्वागत किया।
चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि चुनाव हर 5 साल के बाद आते हैं, लेकिन वर्तमान चुनाव स्थानीय लोगों की दिशा को निर्धारित करने वाला चुनाव है। उन्होंने पुरानी पेंशन स्कीम का जिक्र करते हुए कहा कि जब कांग्रेस शासित राज्य पुरानी पेंशन स्कीम दे रहे हैं तो फिर भाजपा शासित राज्यों में इसे लागू करने में कैसी हिचकिचाहट।
प्रियंका गांधी ने कहा कि मौजूदा सरकार के समय में प्रदेश भर में बेरोजगारों की फौज बढ़ी है, और करीब 30 लाख की आबादी वाले हिमाचल प्रदेश में 15 लाख युवा बेरोजगार हैं। प्रियंका गांधी ने ऐलान किया कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही पहले ही कैबिनेट में एक लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार पर तीखे आरोप लगाते हुए कहा कि हिमाचल का युवा रोजगार चाहता है, लेकिन उन्हें नशा और ड्रग्स दिया जा रहा है।
प्रियंका गांधी ने हिमाचल प्रदेश की स्थापना का जिक्र करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश को इस राज्य के लोगों ने बनाया है और ऐसा उनकी दादी इंदिरा गांधी कहती थी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के बड़े नेता वाईएस परमार और वीरभद्र सिंह भी हुए हैं और जो इसी मिट्टी से पैदा होकर देशभर में हिमाचल को गौरवान्वित करने में सक्षम रहे। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री का जिक्र करते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष होते हुए भी उन्होंने हिमाचल प्रदेश की जनता की आवाज को सदैव बुलंद किया। दिन रात मेहनत करते हुए हिमाचल प्रदेश की जनता के मुद्दों को उठाया।
प्रियंका गांधी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में नौकरियों को बेचा गया है। कोविड-19 के दौर में यहां पर पीपीई किट घोटाला हुआ वहीं कुछ समय पूर्व ही हिमाचल प्रदेश में पुलिस भर्ती के नाम पर घोटाला हुआ। मौजूदा सरकार के घोटालों के कारण प्रदेश की जनता कई मुसीबतों से जूझ रही है। लेकिन अब समय आ गया है कि हिमाचल प्रदेश में सरकार को बदल कर हालात भी बदले जाएं।