नाहन, 24 अक्टूबर : सिरमौर की सीमा हरियाणा (Haryana), उत्तराखंड (Uttarakhand) तथा उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के साथ लगती है। सिरमौर (Sirmour) की भौगोलिक परिस्थिति भी काफी कठिन है। सिरमौर में सबसे कम ऊंचाई का मतदान केंद्र नाहन विधानसभा क्षेत्र का ओगली (कालाअंब) में है, जिसकी समुद्र तल से ऊंचाई 1115 फीट है।
वही सबसे अधिक ऊंचाई का मतदान केंद्र श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र का दियुड़ी खड़ाहां है, इस मतदान केंद्र की ऊंचाई 8170 फीट है। इससे साफ जाहिर होता है कि मैदान से ऊंचे पहाड़ो तक मतदाता लोकतंत्र के उत्सव में हिस्सा लेंगे। वैसे तो सिरमौर में 95 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन पिछले ट्रेंड को आधार माना जाये तो दर 80 प्रतिशत तक पहुंच सकती है।
पच्छाद निर्वाचन क्षेत्र का महल प्रीत नगर केंद्र 2500 फीट की ऊंचाई पर स्थापित है। यहां 187 वोटर हैं। इसी विधानसभा क्षेत्र का बखोग पोलिंग बूथ 7200 फीट ऊंचाई पर स्थापित किया गया है। मतदान केंद्र में 563 मतदाता है। नाहन विधानसभा क्षेत्र में सबसे ऊंचाई पर बनेठी पोलिंग बूथ है, जिसकी समुद्र तल (Sea Level) से ऊंचाई 4314 फीट है, यहां पर 1008 मतदाता है।
– Apply Now हिमाचल की सबसे बड़ी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता www.mbmquiz.com
श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम ऊंचाई का क्षेत्र पोलिंग बूथ कुर्ला खरक है। जिसकी ऊंचाई 1932 फीट है,यहां पर 503 मतदाता है। इसी विधानसभा क्षेत्र में सिरमौर का सबसे अधिक ऊंचाई वाला मतदान भी है, जहां पर 609 मतदाता है।
पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में बहराल मतदान केंद्र 1194 फीट ऊंचाई पर है,यहां 853 मतदाता हैं। इसी विस क्षेत्र में सबसे अधिक ऊंचाई पर मतदान केंद्र टोरू है, जो 4049 फीट की ऊंचाई पर स्थापित है। यहां पर 820 मतदाता हैं। विधानसभा क्षेत्र शिलाई में चांदनी पोलिंग बूथ सबसे कम ऊंचाई 1936 फीट वाला है, यहां पर 768 मतदाता हैं। जबकि विधानसभा क्षेत्र का सबसे ऊंचाई वाला मतदान केंद्र हल्लाह हैं। यह समुद्र तल से 6249 फीट ऊंचाई पर स्थापित है। यहां पर 892 मतदाता हैं।