नाहन, 20 अक्तूबर : हिमाचल प्रदेश अंडर-12 के लड़कों व लड़कियों की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सिरमौर के बच्चे चैंपियन बने हैं। टूर्नामेंट में सिरमौर की टीम ने बैस्ट ऑल राउंड के चैंपियन का खिताब भी हासिल किया है। प्राथमिक स्कूलों के 130 छात्रों का दल इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने कांगड़ा के नगरोटा बगवां गया हुआ है।
प्रतियोगिता का आयोजन 16 से 20 अक्तूबर तक किया गया। प्रतियोगिता में सिरमौर के प्रतिभागी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। लगातार 12वीं बार हिमाचल प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ जिला घोषित किया गया।
प्रतियोगिता में सिरमौर की महनाज को सर्वश्रेष्ठ धाविका घोषित किया गया। बेटी ने 100 व 50 मीटर की रेस में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान अर्जित किया। राज्य खेल संयोजक मायाराम शर्मा, चतर सिंह ठाकुर, अनिल तोमर, बलबीर धीमान, कल्याण सिंह नेगी, सुखदर्शन, अनिल गांगुली, चंद्र प्रकाश शर्मा, मनोज शर्मा व जयपाल ठाकुर ने बच्चों को इस सफलता पर बधाई दी है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लड़कों ने वाॅलीबाल फाइनल में शिमला को हराया। कबड्डी में लड़कियों ने प्रथम स्थान हासिल किया। खो-खो में लड़कों व लड़कियों के खिताब पर भी सिरमौर की टीम ने कब्जा किया। बैडमिंटन में लड़कियों को पहला स्थान मिला। वाॅलीबाल में लड़कियों को उपविजेता घोषित किया गया। समूहगान में लड़कियों ने प्रथम स्थान अर्जित किया।