शिमला, 14 अक्तूबर : हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के विधानसभा चुनाव 2022 (Assembly Election 2022) का बिगुल बज चुका है। मतदाताओं (Voters) के आंकड़ों में कई रोचक तथ्य भी सामने आए हैं। कुल 55 लाख, 74 हजार 793 मतदाताओं में से 1181 ऐसे हैं, जो 100 बरस की उम्र पूरी कर चुके हैं। इसमें भी दिलचस्प बात ये है कि पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। 767 महिलाएं हैं, जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या 414 हैं।
80 से 99 वर्ष तक के 1,20,894 मतदाता हैं। इसमें भी पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। 80 से 99 वर्ष के बीच 67,966 महिला मतदाता हैं। वहीं पुरुष मतदाताओं की संख्या 52,928 है। चुनाव में समुद्र तल से सबसे अधिक ऊंचाई पर टशीगंग पोलिंग बूथ (Tashigang Polling Booth) होगा। इसकी उंचाई 15,256 फीट है। इस मतदान केंद्र में मतदाताओं की संख्या 52 है।
10 से 12 हजार फीट की ऊंचाई पर 65 मतदान केंद्र होंगे। 12 हजार फीट की ऊंचाई से उपर मतदान केंद्रों की संख्या 20 होगी। समुद्र तल (Sea Level) से सबसे न्यूनतम ऊंचाई ऊना के चिंतपूर्णी मतदान केंद्र की होगी। इस मतदान केंद्र में मतदाताओं की संख्या 894 है। मतदान दल द्वारा मतदान केंद्र पहुंचने तक पैदल भी जाना होगा। सबसे कठिन मतदान केंद्र भरमौर में है। इसके लिए पोलिंग पार्टी को 14 किलोमीटर का सफर पैदल तय करना पड़ेगा। मतदाताओं की संख्या 93 है।
– Apply Now हिमाचल की सबसे बड़ी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता www.mbmquiz.com
हिमाचल के इस विधानसभा चुनाव में सबसे अधिक मतदाता कांगड़ा के सुलह विधानसभा क्षेत्र में हैं। मतदाताओं की संख्या 1,04,486 है। जबकि सबसे कम मतदाता लाहौल व स्पीति विधानसभा क्षेत्र में 24,744 हैं। उधर, मतदान केंद्र में सबसे अधिक विद्यमान मतदाताओं की संख्या धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के सिद्धबाड़ी में हैं, ये संख्या 1494 की है। जबकि किन्नौर विधानसभा क्षेत्र के का में न्यूनतम मतदाता 16 हैं।
दिव्यांग कर्मियों द्वारा 37 मतदान केंद्रों को संचालित किया जाएगा। आदर्श मतदान केंद्रों की संख्या 136 रखी गई है।
इस बार 18 से 19 वर्ष के 1,86,681 मतदाता हैं। इसमें तृतीय लिंग के 6 मतदाता हैं। इसमें पुरुषों की संख्या 1,01,212 हैं। महिलाओं की संख्या 85,463 है। 2022 के चुनाव में तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या 37 है, जबकि 2017 के चुनाव में ये संख्या 14 थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में तृतीय लिंग के 59 मतदाता थे। चुनाव में सेवाहर्ता मतदाताओं की संख्या 67,532 है।
उधर, हिमाचल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने बताया कि विधानसभा की कुल 68 सीटें हैं, इसमें 20 सीटें आरक्षित हैं। 17 विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं, जबकि 3 अनुसूचित जनजाति के लिए रिजर्व हैं।