शिमला, 06 अक्टूबर : हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज़ हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिलासपुर रैली के जवाब में कांग्रेस पार्टी एआईसीसी महासचिव प्रियंका गांधी की रैली का आयोजन करेगी।
प्रियंका गांधी 14 अक्टूबर को सोलन के ठोडो मैदान में रैली को संबोधित करेगी। इससे पहले यह रैली 10 अक्टूबर को रखी गई थी,लेकिन मौसम विभाग की भविष्यवाणी खराब मौसम के चलते अब इसे 14 अक्टूबर को निर्धारित किया गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने प्रियंका गांधी की रैली के सफल आयोजन के लिए जिम्मेदारियां तय कर दी है।
उन्होंने पार्टी के सभी विधायकों,पूर्व विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों, प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी के सभी सदस्यों, अग्रणी संगठनों के प्रमुखों महिला कांग्रेस,सेवादल,युवा कांग्रेस, एनएसयूआई,इंटक के साथ साथ कांग्रेस के सभी विभागों के प्रमुखों को अपने सभी पदाधिकारियों सहित इस रैली में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने व इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए कहा है।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा ने वीरवार को एक सर्कुलर जारी किया है। इसके माध्यम से उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों जिला अध्यक्षों व ब्लॉक अध्यक्षों से उन्हें अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने व अपने अपने चुनाव क्षेत्रों से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करते हुए उन्हें अधिक संख्या में इस रैली में लाने को कहा है।
रजनीश किमटा ने कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। ऐसे में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी सोलन से कांग्रेस का चुनावी शंखनाद करेगी।